विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में अगले 2 दिन और बिगड़ेंगे हालात, चांदनी चौक और IIT में 500 पहुंचा AQI; 10 इलाकों की हवा 'गंभीर'

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:33 PM (IST)

दिल्ली की हवा फिर से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई है, जिसमें 10 इलाकों का एक्यूआई 'गंभीर' स्तर पर ...और पढ़ें

बाहरी रिंग रोड पर भलस्वा के पास घने स्माॅग में गुजरती मेट्रो रेल व अन्य वाहन। फोटो: हरीश कुमार

बाहरी रिंग रोड पर भलस्वा के पास घने स्माॅग में गुजरती मेट्रो रेल व अन्य वाहन। फोटो: हरीश कुमार

HighLights

  1. दिल्ली की हवा फिर 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंची।

  2. चांदनी चौक, आईआईटी दिल्ली में एक्यूआई 500 तक।

  3. वाहनों का प्रदूषण बढ़ने और हवा शांत होने से स्थिति गंभीर।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदूषण से राहत की उम्मीदों के बीच हवा एक बार फिर 'बहुत खराब' हो गई है। कई इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया।

बृहस्पतिवार को राजधानी का 24 घंटे का औसत एक्यूआई बढ़कर 350 पहुंच गया, जबकि एक दिन पहले यह 313 था। आसमान पर धूल और धुएं की परत छाई रही। लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

59 में से 10 केंद्रों पर गंभीर श्रेणी में प्रदूषण

केंद्रीय निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार को 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 10 पर एक्यूआई गंभीर, 42 पर बहुत खराब, चार पर खराब और केवल एक केंद्र पर मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।

चांदनी चौक और आईआईटी दिल्ली में एक्यूआई 500 तक पहुंच गया, जो गंभीर श्रेणी की ऊपरी सीमा है। एनएसआईटी द्वारका 457 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। सुबह सफदरजंग और आईजीआई एयरपोर्ट पर हल्का कोहरा भी दर्ज किया गया।

इसी के साथ सफदरजंग में दृश्यता घटकर 800 मीटर व आईजीआई एयरपोर्ट पर भी 800 मीटर तक पहुंच गई थी।

वाहनों से प्रदूषण की हिस्सेदारी बढ़ने का अनुमान

दिल्ली के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के संशोधित पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत परिवहन क्षेत्र बना रहेगा।

बृहस्पतिवार को प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी 16 प्रतिशत आंकी गई, जबकि पराली जलाने की हिस्सेदारी 8.9 प्रतिशत रही। शनिवार तक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर 20.5 प्रतिशत होने का अनुमान है।

वहीं, मौसम विभाग की प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार अगले दो दिनों में पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर भी बढ़ सकता है।

हवा की कम रफ्तार से बढ़ रहा प्रदूषण

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजह प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियां हैं। हवा लगभग शांत है। शुक्रवार को भी यही स्थिति बनी रह सकती है।

उन्होंने बताया कि प्रदूषण छंटने के लिए कम से कम 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा जरूर चलनी चाहिए।

प्रदूषण में प्रमुख स्रोतों की हिस्सेदारी

स्रोत

12 नवंबर

13 नवंबर

14 नवंबर

परिवहन

16%

18.5%

20.5%

पराली जलाना

8.9%

5.3%

13.29%

गंभीर श्रेणी में दर्ज केंद्रों की सूची

निगरानी केंद्र

एक्यूआई

चांदनी चौक

500

आईआईटी दिल्ली

500

एनएसआईटी द्वारका

457

नार्थ कैंपस

443

एनएसयूटी जाफरपुर

435

पूसा (आईआईटीएम)

431

छावला

426

आईटीओ

425

डीटीयू

425

बुराड़ी क्रॉसिंग

416

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।