दिल्ली में अगले 6 दिन खतरनाक, बेहद खराब श्रेणी में पहुंचेगी हवा! बच्चों-बुजुर्गों के लिए जरूरी सलाह
दिल्ली की हवा पिछले 7 दिनों से खराब श्रेणी में है और अगले सप्ताह 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच सकती है। वाहनों का उत्सर्जन प्रदूषण का प्रमुख कारण है, जबकि शनिवार को AQI 265 दर्ज किया गया।

दिल्ली में प्रदूषण के बीच सड़क से गुजरते वाहन। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
दिल्ली की हवा 7 दिनों से खराब श्रेणी में बनी हुई है।
अगले सप्ताह वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच सकती है।
वाहनों का उत्सर्जन दिल्ली के प्रदूषण का प्रमुख कारण है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की हवा पिछले 7 दिनों से खराब श्रेणी में बनी हुई है, लेकिन अगले सप्ताह फिर से बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकती है।
शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 265 यानी खराब श्रेणी में दर्जा किया गया। प्रदूषण के लिए सबसे प्रमुख कारण वाहनों से होने वाला उत्सर्जन है।
पिछले तीन दिनों से शहर की वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार है। 19 नवंबर को एक्यूआई 280 से घटकर 20 नवंबर को 270 और शनिवार को 265 पर आ गया।
वहीं, 56 वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशनों में से, 32 खराब श्रेणी में, 16 बहुत खराब श्रेणी में और सात मध्यम श्रेणी में थे, जबकि एक संतोषजनक श्रेणी में था।
दिल्ली छावनी में AQI 80 रहा
दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) की हवा सबसे अधिक रही। यहां का एक्यूआई 362 दर्ज हुआ। दिल्ली छावनी क्षेत्र में एक्यूआई 80 रहा।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के वास्तविक समय के स्रोत निर्धारण अनुमानों के अनुसार, शनिवार को दिल्ली की पीएम2.5 सांद्रता में सबसे बड़ा हिस्सा वाहनों का उत्सर्जन लगभग 33.1 प्रतिशत था।
इसके बाद कार्बनिक एरोसोल का 16.5 प्रतिशत और बायोमास जलाना, (पराली, लकड़ी और उपले जैसे घरेलू ठोस जैव ईंधन का उपयोग) 13.9 प्रतिशत और कचरा जलाने का 9.5 प्रतिशत रहा।
अगले 6 दिनों के लिए अलर्ट
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली का पूर्वानुमान है कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता रविवार को भी खराब श्रेणी रहेगी, लेकिन अगले छह दिनों में इसके बहुत खराब श्रेणी में पहुंच सकती है।
बच्चों-बुजुर्गों के लिए जरूरी सलाह
वहीं, एक्सपर्ट्स की सलाह है कि अगले 6 दिन बच्चों और बुजुर्गों का ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत है। सलाह दी गई कि बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। साथ ही मास्क पहनने की भी सलाह दी गई है।
वहीं, राजधानी का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 अंक कम है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं, AQI पहुंचा 300 के पार; NCR के शहरों का क्या है हाल?