विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शुक्रवार से फिर बिगड़ेगी दिल्ली की आबोहवा, अगले 6 दिनों के लिए अलर्ट जारी; आखिर क्यों बढ़ा PM 2.5 का स्तर?

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:39 PM (IST)

दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिर खराब हुई, गुरुवार को एक्यूआई 280 दर्ज किया गया, और शुक्रवार से इसके 'बहुत खराब' श्रेणी में रहने का अनुमान है।

शुक्रवार से दिल्ली में फिर से बढ़ेगा प्रदूषण। फोटो: आर्काइव

शुक्रवार से दिल्ली में फिर से बढ़ेगा प्रदूषण। फोटो: आर्काइव

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की हवा एक बार फिर तेजी से बिगड़ने लगी है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गुरुवार को बढ़कर 280 पहुंच गया, जो खराब श्रेणी में है। बुधवार को यह 232 और मंगलवार को 204 दर्ज किया गया था।

प्रदूषण बढ़ने की सबसे बड़ी वजह बायोमास जलना सामने आया है। इससे निकलने वाले प्रदूषकों की पीएम2.5 में हिस्सेदारी बढ़कर 33.3 प्रतिशत हो गई है। बुधवार को यह 24 और मंगलवार को 18 प्रतिशत थी।

'बहुत खराब' श्रेणी में जाएगी हवा 

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार से 22 नवंबर तक दिल्ली की हवा बहुत खराब श्रेणी में रह सकती है। अगले छह दिनों का पूर्वानुमान भी बहुत खराब हवा की आशंका जता रहा है।

प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदूषकों के बिखराव में बाधा आएगी, जिससे जमीन के आसपास प्रदूषण जमा होगा।

गुरुवार को आंकड़े दर्ज करने वाले 56 निगरानी केंद्रों में से 37 पर हवा खराब और 16 पर बहुत खराब श्रेणी में रही। सिर्फ तीन केंद्रों पर AQI मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में सबसे अधिक 376 AQI दर्ज हुआ, जबकि सीरीफोर्ट में यह 363 रहा।

कूड़ा जलाना दूसरा सबसे बड़ा कारण

स्रोत विश्लेषण के मुताबिक, पीएम 2.5 प्रदूषण में बायोमास जलने की हिस्सेदारी 33.3 प्रतिशत रही। इसमें लकड़ी और गोबर के उपले जैसे घरेलू ठोस ईंधन जलाना भी शामिल है।

कूड़ा जलाने से 19.7 प्रतिशत और वाहनों से निकलने वाले धुएं से 18 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। इसके अलावा सेकेंडरी ऑर्गेनिक एयरोसोल की हिस्सेदारी 14.1 प्रतिशत, सेकेंडरी इनऑर्गेनिक एयरोसोल की 9.5 प्रतिशत रही।

कोयला जलाने से 1.8 प्रतिशत, औद्योगिक गतिविधियों और पटाखों से 1.5-1.5 प्रतिशत तथा सड़क की धूल और मिट्टी से 0.7 प्रतिशत प्रदूषण हुआ।

शुक्रवार को प्रदूषकों के फैलाव की स्थिति सबसे खराब

मौसम संबंधी आंकड़े भी आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद कम कर रहे हैं। गुरुवार को प्रदूषकों के फैलाव के लिए मिक्सिंग डेप्थ करीब 1100 मीटर रहने का अनुमान है। शुक्रवार को यह घटकर 1000 मीटर रह जाएगी।

शनिवार और रविवार को इसके क्रमश: 1400 और 1500 मीटर रहने का अनुमान है। वहीं, वेंटिलेशन इंडेक्स गुरुवार को 5000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहने के बाद शुक्रवार को घटकर महज 1000 रह सकता है।

शनिवार और रविवार को इसके क्रमश: 2800 और 3100 रहने का अनुमान है।

वेंटिलेशन इंडेक्स 6000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से कम और हवा की औसत रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम होने पर प्रदूषकों का फैलाव प्रतिकूल माना जाता है। ऐसे में प्रदूषक वातावरण में ही बने रहते हैं और जमीन के नजदीक जमा होने लगते हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में बदलेंगे डीजल जनरेटर चलाने के नियम, सोसायटी हो या फैक्ट्री हर जगह हाेगी जांच; CAQM ने बनाई कमेटी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।