विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहरीली हवा से कराह रहा एनसीआर, देश के पांच सबसे प्रदूषित शहरों में चार एनसीआर के; दिल्ली का एक्यूआई 440 के पार

Published: Sun, 18 Jan 2026 10:24 PM (IST)

दिल्ली और एनसीआर में रविवार को प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण हवा 'गंभीर' श्रेणी में रही। दिल्ली का एक्यूआई 440 ...और पढ़ें

रविवार को छाया घना कोहरा और स्माग में दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस पर अक्षरधाम के समीप सुबह लगभग 7 :48 पर पीली हेड लाइट में धीमी गति मे आवागमन करते वाहन। चंद्र प्रकाश मिश्र

रविवार को छाया घना कोहरा और स्माग में दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस पर अक्षरधाम के समीप सुबह लगभग 7 :48 पर पीली हेड लाइट में धीमी गति मे आवागमन करते वाहन। चंद्र प्रकाश मिश्र

HighLights

  1. दिल्ली का एक्यूआई 440, जनवरी में दो सालों का सर्वाधिक।

  2. प्रतिकूल मौसम से प्रदूषक तत्व फंसे, हवा 'गंभीर' श्रेणी में।

  3. ग्रेप-4 प्रतिबंध लागू, सोमवार को मामूली सुधार की उम्मीद।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के चलते रविवार को दिल्ली समेत एनसीआर के शहर जहरीली हवा से परेशान रहे। आलम यह रहा कि देश के सर्वाधिक पांच प्रदूषित शहरों में से भी चार एनसीआर के रहे। दिल्ली का एक्यूआई जनवरी माह में दो सालों में सर्वाधिक दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता के बिगड़ते हालात के मद्देनजर ग्रेप चार के प्रतिबंध एक दिन पहले ही शनिवार को समूचे एनसीआर में लग चुके हैं। हाल फिलहाल इस स्थिति में बहुत सुधार के आसार नहीं लग रहे, अलबत्ता सोमवार को इसे वापस ''बहुत खराब'' श्रेणी में आ जाने की संभावना है।

दिल्ली का एक्यूआई 440 दर्ज किया गया

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार रविवार को दिल्ली का एक्यूआई 440 दर्ज किया गया। शनिवार कों यह 400 था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें 40 अंकों की वृद्धि और हो गई। 2026 में तो यह दिल्ली का सबसे प्रदूषित दिन रहा ही, 2025 और 2026 के जनवरी माह का भी सर्वाधिक है। इससे पहले 14 जनवरी 2024 को यह 447 रहा था।

शेष 10 निगरानी स्टेशन 'बहुत खराब' श्रेणी में

सीपीसीबी के समीर एप के मुताबिक रविवार को दिल्ली के सक्रिय 37 वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशनों में 27 पर एक्यूआई 400 से ऊपर था। शेष 10 निगरानी स्टेशन 'बहुत खराब' श्रेणी में रहे। बवाना में एक्यूआई सबसे ज्यादा 476 दर्ज किया गया। एनसीआर में भी नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद की हवा 'गंभीर' जबकि फरीदाबाद और गुरुग्राम की ''खराब'' से ''बहुत खराब'' दर्ज की गई।

तापमान कम रहने के कारण प्रदूषक तत्व फंसे

विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को राजधानी में स्माग की परत देखने को मिली। हवा की रफ्तार और तापमान कम रहने के कारण प्रदूषक तत्व फंस गए और सतह से उनका फैलाव नहीं हो सका। पूर्वानुमानों के अनुसार सोमवार को हवा कुछ तेज होने की संभावना है। इससे वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार संभव है और यह ''बहुत खराब'' श्रेणी में आ सकती है। वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली के अनुसार फिर अगले छह दिन यह इसी श्रेणी में रहने की संभावना है।

रविवार को देश के सर्वाधिक प्रदूषित पांच शहर

शहर  एक्यूआई

गाजियाबाद 

458

दिल्ली 

440

नोएडा 

430

ग्रेटर नोएडा 

402 
पानीपत   397

रविवार को दुनिया में सर्वाधिक प्रदूषित रही दिल्ली: आईएक्यू एयर

स्विस एप आईएक्यू एयर के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का प्रदूषण दुनिया भर के शहरों में सर्वाधिक रहा। शाम सात बजे आइएक्यू एयर के एप पर उपलब्ध दुनिया के 126 शहरों की सूची में 290 एक्यूआई के साथ दिल्ली पहले नंबर पर रही। दूसरे नंबर पर 219 एक्यूआई के साथ लाहौर जबकि तीसरे नंबर पर 209 एक्यूआई के साथ ढाका रहे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में सर्दी अभी खत्म नहीं, 23 जनवरी को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट; फिर ठिठुराएंगे शहरवासी