दिल्ली की हवा में सुधार, 'बहुत खराब' से 'खराब' श्रेणी में पहुंची
दिल्ली की हवा 1 नवंबर के बाद 'बहुत खराब' से 'खराब' श्रेणी में आ गई है, मंगलवार को औसत वायु ...और पढ़ें
-1794332028706_m.webp)
दिल्ली की हवा में सुधार, 'बहुत खराब' से 'खराब' श्रेणी में पहुंची (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' से 'खराब' हुई।
हल्की हवा चलने से प्रदूषण स्तर में सुधार।
पंजाब, यूपी में वायु गुणवत्ता अभी भी गंभीर।
राज्य ब्यूरो, जागरण, नई दिल्ली। हल्की हवा चलने से राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार हुआ है। एक नवंबर के बाद पहली बार हवा बहुत खराब श्रेणी से खराब श्रेणी में पहुंच गई।
दीपावली के दिन औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 376 और उसके अगले दिन सोमवार को यह 344 था। मंगलवार को यह कम होकर 299 हो गया। अगले कुछ दिनों में इसमें और सुधार की बात कही जा रही है। आतिशबाजी और हवा की गति कम होने के कारण दीपावली के दिन एक्यूआइ में वृद्धि हुई थी।
हवा चलते ही प्रदूषण का स्तर कम
सोमवार सुबह स्माग की मोटी परत छाई थी, लेकिन दोपहर बाद से हल्की हवा चलने से प्रदूषण का स्तर कम होने लगा। मंगलवार को भी सुबह स्माग की हल्की परत छाई रही, लेकिन पिछले दिनों की तुलना में दृश्यता बेहतर रही।
सुबह में एक्यूआइ 300 से अधिक यानी बहुत खराब श्रेणी में था। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही यह कम होकर 300 से नीचे आ गया। स्काईमेट के उपाध्यक्ष और मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने कहा कि हवा की दिशा और गति बदल गई है। अब उत्तर-पश्चिमी हवा दिल्ली क्षेत्र को प्रभावित कर रही हैं। 12-14 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवा ने प्रदूषकों के फैलाव में मदद की है।
एक्यूआई में हो सकता है सुधार
अगले कुछ दिनों तक हवा की गति अधिक रहने की उम्मीद है, जिससे एक्यूआइ में और सुधार हो सकता है। पंजाब के छह प्रमुख शहरों में एक्यूआइ खराब श्रेणी मेंपटियाला संवाददाता के अनुसार, पंजाब में दीपावली पर आतिशबाजी और पराली के धुएं से फैला प्रदूषण दो दिन बाद भी छंटने का नाम नहीं ले रहा।
राज्य के छह प्रमुख शहरों लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, खन्ना, मंडी गोबिंदगढ़ और पटियाला में एक्यूआइ खराब श्रेणी में पहुंच गया है। लुधियाना का औसत एक्यूआइ 314 के साथ बहुत खराब श्रेणी में है। यहां का अधिकतम एक्यूआइ 439 तक पहुंच गया।
जालंधर में औसत एक्यूआइ 248 व अधिकतम एक्यूआइ 440 रहा। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) के पूर्व चेयरमैन डा. आदर्शपाल विग ने बताया कि नवंबर में बढ़ती ठंडक और हवा की धीमी रफ्तार के कारण पटाखों व पराली का धुआं व सूक्ष्म प्रदूषक कण वातावरण की निचली परतों में ही जमा होकर रह गए हैं।
वायु प्रदूषण का खतरनाक स्तर बरकरार
वहीं, राज्य में सोमवार को पराली जलाने के 198 नए मामले सामने आए। अब तक राज्य में कुल 4657 मामले सामने आ चुके हैं। यूपी में अलीगढ़ और बड़ौत में प्रदूषण का स्तर 300 पारलखनऊ संवाददाता के अनुसार, यूपी के विभिन्न जिलों में भी वायु प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक बना हुआ है।
मंगलवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता लगातार गिरती जा रही है। अलीगढ़ में एक्यूआइ सबसे अधिक 353 दर्ज किया गया, जो बेहद खतरनाक श्रेणी में है।
बड़ौत में एक्यूआइ 334, बागपत में 277, गोरखपुर में 275, संभल में 266, बुलंदशहर में 263, मेरठ में 262, लखनऊ में 250 से अधिक और कानपुर में 235 तक पहुंच गया। सुबह और शाम के समय वातावरण में धुंध की एक गहरी और भारी परत देखी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।