विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की हवा में तीन दिन बाद सुधार, 200 से नीचे पहुंचा AQI; तापमान में भी गिरावट

Published: Sat, 24 Oct 2026 09:19 PM (GMT+05:30)

राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता में तीन दिन बाद सुधार हुआ है, जहां एक्यूआई 230 से घटकर 191 पर आ ...और पढ़ें

दिल्ली में बेहतर हुआ एक्यूआई, जागरण आर्काइव।

दिल्ली में बेहतर हुआ एक्यूआई, जागरण आर्काइव।

HighLights

  1. दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'खराब' से 'मध्यम' श्रेणी में सुधरी।

  2. एक्यूआई 230 से घटकर 191 हुआ, तीन दिन बाद राहत।

  3. दिल्ली सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए युद्धस्तर पर कर रही काम।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में लगातार तीन दिन तक 'खराब' श्रेणी में रहने के बाद शनिवार को वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक शनिवार शाम चार बजे 191 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को यह 230 था।

तीन दिनों बाद सुधरा हाल

इसके साथ ही दिल्ली की हवा 'खराब' से सुधरकर 'मध्यम' श्रेणी में पहुंच गई। हालांकि, प्रदूषण से मिली यह राहत कितनी देर तक बनी रहेगी, यह आने वाले दिनों के मौसम पर निर्भर करेगा।

सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 230 दर्ज किया गया था। शनिवार को इसमें 39 अंकों की गिरावट आई। लगातार तीन दिन तक खराब श्रेणी में रहने के बाद एक्यूआइ का 'मध्यम' स्तर पर पहुंचना राहत की बात है।

प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रयास जारी

इस बीच, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने 23 अक्टूबर के एक्यूआइ के आंकड़ों का हवाला देते हुए प्रदूषण के स्तर में सालाना आधार पर कमी आने की बात कही। उनके अनुसार, 23 अक्टूबर को दिल्ली का एक्यूआइ 2026 में 230, 2025 में 305 और 2024 में 364 दर्ज किया गया था।

उन्होंने एक्स पर कहा कि प्रदूषण के खिलाफ लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी काफी काम किया जाना बाकी है। दिल्ली सरकार प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है।

तापमान में भी आई मामूली गिरावट

मौसम में बदलाव के बीच शनिवार को दिल्ली के न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक, लेकिन शुक्रवार के मुकाबले 0.7 डिग्री कम था। अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री, लोधी रोड में 17.6 डिग्री और आया नगर में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए पार्किंग शुल्क दोगुना करने की तैयारी, एमसीडी में फंसा प्रस्ताव

यह भी पढ़ें- पश्चिमी विक्षोभ का असर: हरियाणा-दिल्ली में बारिश और ठंडी हवाओं का दौर, नवंबर की शुरुआत में दिखेगा बड़ा बदलाव