विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी विक्षोभ का असर: हरियाणा-दिल्ली में बारिश और ठंडी हवाओं का दौर, नवंबर की शुरुआत में दिखेगा बड़ा बदलाव

Published: Sat, 24 Oct 2026 08:04 PM (IST)

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से महेंद्रगढ़ जिले सहित हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदल गया है, जिससे बूंदाबांदी और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड।

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड।

HighLights

  1. महेंद्रगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ से बूंदाबांदी, तापमान गिरा।

  2. हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर में मौसम परिवर्तनशील, ठंड बढ़ेगी।

  3. नवंबर में फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, वर्षा संभव।

जागरण संवाददाता, नारनौल। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से महेंद्रगढ़ जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार सुबह जिले के कुछ हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी दर्ज की गई। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में भी गिरावट देखने को मिली।

मौसम में आए इस बदलाव से आने वाले दिनों में हल्की ठंड बढ़ने की संभावना है। वहीं, हवाएं शांत रहने पर बूंदाबांदी वाले क्षेत्रों में सुबह के समय हल्की धुंध भी छा सकती है।

राजकीय कालेज नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, पश्चिमी मौसम प्रणाली के प्रभाव से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है।

शनिवार को महेंद्रगढ़ जिले में सुबह बिखराव वाली बूंदाबांदी हुई, जबकि दोपहर बाद प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में तेज हवाओं, आंधी और हल्की वर्षा की गतिविधियां दर्ज की गईं। कुछ स्थानों पर छिटपुट ओलावृष्टि भी हुई। प्रदेश के कई हिस्सों में दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है और तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं।

रविवार को भी उत्तरी जिलों में रहेगा असर

डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, मौजूदा मौसम प्रणाली का असर रविवार को भी हरियाणा के उत्तरी जिलों में देखने को मिल सकता है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने के कारण आने वाले दिनों में हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली के तापमान में और गिरावट की संभावना है। महेंद्रगढ़ जिले में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध और ठंड का अहसास बढ़ने की संभावना है।

नवंबर की शुरुआत में भी बदल सकता है मौसम

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, अक्टूबर के अंतिम दिनों और नवंबर की शुरुआत में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मौसम में बदलाव के साथ वर्षा की गतिविधियां हो सकती हैं। इससे क्षेत्र में हल्की ठंड की शुरुआत होने के आसार हैं।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच जिले में दिन और रात के तापमान पर नजर रहेगी। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और सुबह की धुंध के कारण मौसम का असर अधिक महसूस हो सकता है।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में अचानक बदला मौसम का मिजाज, कई गांवों में बारिश के साथ ओलावृष्टि, 3 डिग्री तक लुढ़का पारा