विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की वायु गुणवत्ता में आया बड़ा सुधार, सर्दियों में बढ़ सकती है प्रदूषण से निपटने की चुनौती

Published: Sat, 17 Oct 2026 11:10 PM (IST)

इस वर्ष दिल्ली की वायु गुणवत्ता पिछले सालों की तुलना में बेहतर रही है, 17 अक्टूबर तक 211 दिन अच्छी से मध्यम श्रेणी की हवा दर्ज की गई है।

दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार, जागरण।

दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार, जागरण।

HighLights

  1. दिल्ली की हवा इस वर्ष पिछले सालों से साफ रही।

  2. 17 अक्टूबर तक 211 दिन अच्छी-मध्यम हवा दर्ज।

  3. सर्दियों में वायु प्रदूषण से निपटने की चुनौती बढ़ेगी।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष दिल्ली की हवा अपेक्षाकृत साफ रही है। 17 अक्टूबर तक अच्छी, संतोषजनक और मध्यम श्रेणी की वायु गुणवत्ता वाले कुल 211 दिन दर्ज किए गए हैं।

करोना महामारी के दौरान वर्ष 2020 को छोड़ दें तो वर्ष 2016 से लेकर अब तक सबसे बेहतर स्थिति है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसे रेखा गुप्ता सरकार द्वारा प्रदूषण रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों का परिणाम बता रहे हैं।

सर्दियों में वायु गुणवत्ता को लेकर बढ़ेगी चुनौती

मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि असली चुनौती आगामी सर्दियों में होगी। इस दौरान प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों, हवा की कम गति और अन्य मौसमी कारकों के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ने की आशंका रहती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण से निपटने के लिए व्यापक, समन्वित और परिणामोन्मुखी रणनीति अपनाई है।

दस सालों में पहली बार दिखा अंतर

दिल्ली में वर्ष 2016 में अच्छी से मध्यम श्रेणी की वायु गुणवत्ता वाले 110 दिन ही दर्ज हुए थे। वर्ष 2016 की इसी अवधि में खराब, बहुत खराब और गंभीर श्रेणी की वायु गुणवत्ता वाले 168 दिन दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या घटकर 79 दिन रह गई है।

प्रदूषण रोकथाम के लिए उठाए गए कदम

मंत्री ने कहा कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कई स्तरों पर लगातार काम हो रहा है। इनमें मशीनीकृत सड़क सफाई, पानी का छिड़काव, एंटी-स्माग गन की तैनाती, सड़कों का पुनर्विकास एवं सुधार, निर्माण और विध्वंस स्थलों पर धूल नियंत्रण शामिल है। 

इसके अलावा औद्योगिक उत्सर्जन की सख्त निगरानी, खुले में कचरा जलाने की घटनाओं की रोकथाम और इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन का विस्तार शामिल हैं।

प्रदूषण से लड़ने के लिए विंटर एक्शन प्लान तैयार

हाल ही में स्थापित एआइ आधारित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर प्रदूषण की रियल-टाइम निगरानी, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, शिकायतों के निस्तारण और लक्षित प्रवर्तन कार्रवाई को मजबूत कर रहा है। सरकार ने व्यापक विंटर एक्शन प्लान और प्रदूषण नियंत्रण के लिए निवारक प्रोटोकाल तैयार किए हैं।

उन्होंने नागरिकों, औद्योगिक इकाइयों, संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सरकार द्वारा घोषित शीतकालीन प्रदूषण नियंत्रण प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करने और पड़ोसी राज्यों से सहयोग की अपील की।

वर्ष-अच्छी से मध्यम श्रेणी की हवा वाले दिन

  • 2025 -200
  • 2024 -209
  • 2023 -206

यह भी पढ़ें- बेटों से मुंह मोड़ रहे बेऔलाद, दिल्ली में गोद ली गईं 1000 से ज्यादा बेटियां; 10 साल के आंकड़ों ने चौंकाया