दिल्ली की वायु गुणवत्ता में लगातार चौथे दिन सुधार, 239 पर पहुंचा AQI; मंगलवार-बुधवार को फिर बढ़ सकती है परेशानी
दिल्ली की हवा में लगातार चौथे दिन सुधार दर्ज किया गया, रविवार को AQI 239 रहा जो खराब श्रेणी में है। हालांकि, 56 में से 36 निगरानी केंद्रों पर हवा अभी भी खराब श्रेणी में बनी हुई है।
-1795363737505_m.webp)
वायु प्रदूषण को कम करने के लिए बाहदुर शाह जफर मार्ग पर स्माग गन से छिड़काव करते हुए। फोटो-हरीश कुमार
HighLights
दिल्ली की हवा में चार दिन में 41 अंकों का सुधार।
रविवार को AQI 239 रहा, 36 केंद्रों पर हवा खराब।
वाहनों का धुआं प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण बना।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी की हवा में लगातार चौथे दिन सुधार दर्ज किया गया। रविवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 239 रहा, जो खराब श्रेणी में है। शनिवार के मुकाबले इसमें 26 अंकों की गिरावट आई।
हालांकि, सुधार के बावजूद प्रदूषण से राहत पूरी नहीं है। रविवार को आंकड़े दर्ज करने वाले 56 निगरानी केंद्रों में से 36 पर हवा खराब, आठ पर बेहद खराब और 12 केंद्रों पर मध्यम श्रेणी में रही।
पिछले चार दिनों में 41 अंकों का आया सुधार
पिछले चार दिनों में दिल्ली के एक्यूआइ में कुल 41 अंकों का सुधार हुआ है। 19 नवंबर को एक्यूआइ 280 था, जो 20 नवंबर को 270, शनिवार को 265 और रविवार को 239 पर आ गया। उत्तम नगर में सबसे अधिक 332 एक्यूआइ दर्ज किया गया, जबकि इग्नू मैदान, मैदानगढ़ी में यह 330 रहा।
वाहनों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के वास्तविक समय के स्रोत विश्लेषण के अनुसार, रविवार को भी वाहनों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण रहा। दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में इसकी अनुमानित हिस्सेदारी 38.6 प्रतिशत रही, जो शनिवार के 33.1 प्रतिशत से अधिक है।
लकड़ी व उपलों जैसे घरेलू ठोस ईंधन के इस्तेमाल सहित जैव ईंधन जलने से 24.2 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। कचरा जलाने की हिस्सेदारी 14.9 प्रतिशत रही। इसमें नगर निगम के कचरे के साथ प्लास्टिक, रबर और इलेक्ट्रॉनिक कचरा जलना भी शामिल है।
इसके अलावा सेकेंडरी आर्गेनिक एरोसोल की हिस्सेदारी 8.9 प्रतिशत और सेकेंडरी इनआर्गेनिक एरोसोल की आठ प्रतिशत रही। सड़क की धूल और मिट्टी से 2.2 प्रतिशत, मिश्रित ईंधन जलने से 1.6 प्रतिशत, औद्योगिक स्रोतों से 1.5 प्रतिशत और कोयला जलने से 0.2 प्रतिशत प्रदूषण होने का अनुमान है।
वायु गुणवत्ता में मौसम की बड़ी भूमिका
हवा की गुणवत्ता में सुधार के पीछे अनुकूल मौसम की अहम भूमिका रही। उत्तर-पश्चिमी दिशा से 15 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चली हवाओं ने प्रदूषकों को वातावरण में फैलाने में मदद की। रविवार को दिल्ली में प्रदूषकों के ऊपर की ओर फैलने की अनुमानित अधिकतम मिश्रण ऊंचाई करीब 1,500 मीटर रही। अधिक मिश्रण ऊंचाई होने से प्रदूषकों को सतह के पास जमा होने के बजाय ऊपर फैलने की जगह मिलती है।
मंगलवार-बुधवार को फिर बढ़ सकती है परेशानी
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, सोमवार से बुधवार तक दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में रहने की संभावना है। इसके बाद के छह दिनों में भी हवा खराब से बेहद खराब श्रेणी में रह सकती है। सोमवार को उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे प्रदूषकों के फैलाव में मदद मिल सकती है।
हालांकि, मंगलवार और बुधवार को वेंटिलेशन इंडेक्स घटकर क्रमश: 3,500 और 3,200 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है। यह प्रदूषकों के फैलाव के लिहाज से प्रतिकूल स्थिति है। 6,000 से नीचे का वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम औसत हवा की गति प्रदूषण के फैलाव के लिए अनुकूल नहीं मानी जाती।
उधर रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।