विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में फिर सांसों पर संकट, एक ही दिन में 30 अंक बढ़ा एक्यूआई, मौसम विभाग का अलर्ट

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:50 PM (IST)Updated: Wed, 18 Nov 2026 08:52 PM (IST)

दिल्ली की हवा फिर खराब होने लगी है, मंगलवार को साफ हवा के बाद बुधवार को AQI 30 अंक बढ़कर ...और पढ़ें

नई दिल्ली में धूल भरी परिस्थितियों के बीच इंडिया गेट के पास एक सड़क पर पानी का छिड़काव करता पानी का टैंकर। पीटीआई

नई दिल्ली में धूल भरी परिस्थितियों के बीच इंडिया गेट के पास एक सड़क पर पानी का छिड़काव करता पानी का टैंकर। पीटीआई

HighLights

  1. दिल्ली का एक्यूआई 204 से बढ़कर 232 हुआ।

  2. शुक्रवार तक हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचने का अनुमान।

  3. वाहन उत्सर्जन और घरेलू ईंधन प्रदूषण के मुख्य कारक।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की हवा एक बार फिर बिगड़ने लगी है। मंगलवार को इस महीने की सबसे साफ हवा मिलने के बाद बुधवार को प्रदूषण का स्तर करीब 30 अंक बढ़ गया।

दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 204 से बढ़कर 232 पर पहुंच गया, जो खराब श्रेणी में है। चिंता की बात यह है कि शुक्रवार तक हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने का पूर्वानुमान है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, अगले दो दिनों में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां प्रदूषकों को वातावरण में फैलने से रोकेंगी।

किन कारकों की रही प्रदूषण में हिस्सेदारी?

बुधवार को दिल्ली के प्रदूषण में सबसे ज्यादा 25.5 प्रतिशत हिस्सेदारी वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन की रही। इसके बाद लकड़ी व उपले जैसे घरेलू ईंधन के जलने से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 24 प्रतिशत रही।

सेकेंडरी ऑर्गेनिक एयरोसोल का योगदान 20.5 प्रतिशत और कचरा जलाने का 12 प्रतिशत दर्ज किया गया। औद्योगिक स्रोतों से 2.4 प्रतिशत और सड़क की धूल व मिट्टी से 3.8 प्रतिशत प्रदूषण होने का अनुमान है।

सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को 58 निगरानी केंद्रों से मिले आंकड़ों में 33 केंद्रों पर हवा खराब, 20 पर मध्यम और पांच केंद्रों पर बहुत खराब श्रेणी में रही। उत्तम नगर सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां एक्यूआइ 385 दर्ज किया गया। सुबह नौ बजे यहां एक्यूआइ 415 तक पहुंच गया था।

शुक्रवार को प्रदूषण फैलने की संभावना सबसे कम

पूर्व चेतावनी प्रणाली के मुताबिक, गुरुवार को भी हवा खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है, जबकि शुक्रवार को यह बेहद खराब हो सकती है। इसकी बड़ी वजह हवा में प्रदूषकों के फैलाव के लिए अनुकूल परिस्थितियों का नहीं होना है।

दिल्ली में मिक्सिंग डेप्थ बुधवार को 1450 मीटर रहने का अनुमान था, जो गुरुवार को घटकर 1100 और शुक्रवार को 1000 मीटर रह जाएगी। मिक्सिंग डेप्थ कम होने का मतलब है कि प्रदूषकों को ऊपर की ओर फैलने के लिए कम जगह मिलेगी और वे जमीन के नजदीक जमा होंगे।

इसी तरह वेंटिलेशन इंडेक्स भी बुधवार के 6000 से घटकर गुरुवार को 5000 और शुक्रवार को महज 1000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है। वेंटिलेशन इंडेक्स कम होने से प्रदूषित हवा के फैलने की क्षमता घट जाती है। ऐसे में वाहनों और अन्य स्रोतों से निकलने वाले प्रदूषक वातावरण में जमा होकर हवा की गुणवत्ता और बिगाड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के लोगों को मिली प्रदूषण से थोड़ी राहत, AQI 300 के नीचे, जानिए अपने इलाके का हाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।