विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की हवा में फिर घुला जहर, 300 के पार पहुंचा AQI; चांदनी चौक सबसे ज्यादा प्रदूषित

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:23 PM (IST)

दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को धीमी हवा के कारण 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई, जो 14 नवंबर के बाद पहली बार हुआ।

दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब। फोटो-जागरण आर्काइव

दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. शनिवार को दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंची।

  2. धीमी हवा और प्रतिकूल मौसम से प्रदूषण में वृद्धि हुई।

  3. वाहन उत्सर्जन PM2.5 प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। हवा की धीमी गति से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में शनिवार को तेजी से गिरावट आई है। 14 नवंबर के बाद शनिवार शाम को एक बार फिर से वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पूरे दिन का औसत एक्यूआइ तो 293 यानी खराब श्रेणी में ही रहा, लेकिन चार बजे के बाद यह बहुत खराब श्रेणी में 306 तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) की वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार और सोमवार को राजधानी की हवा बहुत खराब श्रेणी में रह सकती है। शनिवार सुबह से ही राजधानी के अधिकांश स्थानों पर आसमान में स्माग की परत छाई हुई थी। शुक्रवार की तुलना में औसत एक्यूआइ 67 अंक अधिक रहा।

दिल्ली के किस इलाके में सबसे प्रदूषित हवा?

सीपीसीबी के 58 निगरानी स्टेशनों में से 42 'बहुत खराब' श्रेणी में और 16 'खराब' श्रेणी में था। चांदनी चौक की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां का एक्यूआइ 400 दर्ज किया।

आईएमडी के अनुसार प्रतिकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण हवा की गुणवत्ता खराब हो रही है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम मिश्रण गहराई 1100 मीटर और वेंटिलेशन सूचकांक 1800 वर्ग मीटर प्रति सेकंड रहा। कम मिश्रण गहराई यानी हवा के अधिक ऊपर तक नहीं जाने से प्रदूषण के कण बाहर नहीं निकलते हैं।

मिश्रण गहराई 1500 से 2000 मीटर होने पर स्थिति बेहतर होती है। वहीं, 6000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से कम का वेंटिलेशन सूचकांक और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम गति की हवा से भी प्रदूषण के कण तेजी से आगे नहीं बढ़ पाते हैं।

पीएम 2.5 प्रदूषण में वाहनों का बड़ा योगदान

दिल्ली के लिए वास्तविक समय के स्रोत विभाजन अनुमानों के अनुसार, पीएम2.5 प्रदूषण में वाहनों के उत्सर्जन की हिस्सेदारी सबसे अधिक 27.1 प्रतिशत था। बायोमास जलाने का 22.9 प्रतिशत, कचरा जलाने का 18.5 प्रतिशत, माध्यमिक कार्बनिक एरोसोल का 17.2 प्रतिशत और माध्यमिक अकार्बनिक प्रदूषकों का 10.4 प्रतिशत योगदान रहा।

माध्यमिक कार्बनिक एरोसोल वे सूक्ष्म कण हैं जो वातावरण में तब बनते हैं जब वाहनों और उद्योगों जैसे स्रोतों से निकलने वाली गैसें हवा में मौजूद अन्य यौगिकों के साथ प्रतिक्रिया करती हैं।

तिथि एक्यूआइ (AQI)
14 नवंबर 367
15 नवंबर 290
16 नवंबर 275
25 नवंबर 220
26 नवंबर 224
27 नवंबर 226
28 नवंबर 293

 यह भी पढ़ें- कलावा और QR कोड बिना एंट्री नहीं, 'राष्ट्र वंदनम्' में मोहन भागवत को सुनने 1 लाख स्वयंसेवक पहुंचेंगे दिल्ली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।