दीपावली से पहले दिल्ली की हवा हुई जहरीली, AQI 364 पर पहुंचा; 18 इलाकों में हालात गंभीर
Delhi में दिवाली से ठीक पहले वायु प्रदूषण गंभीर हो गया है, शनिवार सुबह AQI 364 ('बहुत खराब' श्रेणी) दर्ज ...और पढ़ें

स्माॅग के कारण रण सुबह लगभग 10:00 बजे ओझल दिखा राष्ट्रपति भवन। हरीश कुमार
HighLights
दिल्ली में दिवाली से पहले वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंचा।
शनिवार सुबह दिल्ली का AQI 364, 'बहुत खराब' श्रेणी में।
नागरिकों को सांस लेने में कठिनाई, स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर रूप लेता जा रहा है। शहर में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है, जिससे नागरिकों को सांस लेने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दीपावली से ठीक एक दिन पहले शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की आबोहवा एक बार फिर 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई।
'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचा AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का कुल वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 364 दर्ज किया गया है। हवा में प्रदूषण के इस खतरनाक स्तर के कारण सुबह के समय राजधानी के कई हिस्सों में धुंध (स्मॉग) की घनी परत छाई रही।
कई इलाकों में हालात बेहद चिंताजनक
राजधानी के कई क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर 'गंभीर' श्रेणी के करीब पहुंच गया है। हवा की धीमी गति और मौसमी दशाओं के चलते प्रदूषक तत्व वातावरण में निचले स्तर पर जमे हुए हैं, जिससे स्थिति में जल्द सुधार की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को सुबह के समय घरों से बाहर निकलने पर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सुबह 9 बजे 364 दर्ज हुआ एक्यूआई
CPCB के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह 9 बजे दिल्ली का AQI 364 (बहुत खराब श्रेणी) दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 382 दर्ज हुआ था। 'एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली' के पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार को ही एक्यूआई 'गंभीर' (401-500) श्रेणी में पहुंचने की पूरी संभावना है।
18 स्टेशनों पर स्थिति बेहद खतरनाक
दिल्ली के 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 18 स्टेशनों पर शनिवार सुबह हवा का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0-50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51-100 को 'संतोषजनक', 101-200 को 'मध्यम', 201-300 को 'खराब', 301-400 को 'बहुत खराब' और 401-500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट, आसमान रहेगा साफ
प्रदूषण के साथ-साथ दिल्ली में ठंड की दस्तक भी महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली के प्रतिनिधि मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम और शुक्रवार की तुलना में एक डिग्री सेल्सियस नीचे है। आईएमडी ने आगामी कुछ दिनों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।