प्रदूषण पर MCD की बड़ी कार्रवाई, 10 दिन में काटे 13000 से ज्यादा चालान; 449 कंस्ट्रक्शन साइट्स पर गिरी गाज
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए पिछले 10 दिनों में 13 हजार से अधिक ...और पढ़ें

दिल्ली नगर निगम। सोशल मीडिया
HighLights
एमसीडी ने 10 दिन में 13 हजार से अधिक चालान किए।
449 निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियमों का उल्लंघन पाया गया।
प्रदूषण फैलाने पर 68 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम ने पिछले 10 दिनों में 13 हजार से अधिक चालान किए हैं। खुले में कचरा जलाने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
इसके बावजूद विभिन्न इलाकों में किए गए निरीक्षण में प्रदूषण नियंत्रण के इंतजामों में खामियां मिली हैं। निर्माण स्थलों पर नियमों की अनदेखी भी सामने आई है।
एमसीडी की रिपोर्ट के अनुसार, निगम के भवन विभाग ने इस अवधि में 1,559 निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण किया। इनमें 449 स्थलों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया। संबंधित स्थलों पर 68 लाख रुपये से अधिक का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है।
1,800 चालान किए
वहीं, प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर निगरानी के लिए 164 रात्रि गश्ती दल और 134 दिन के गश्ती दल तैनात किए गए हैं। इन दलों में निगम के कर्मचारियों के साथ सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक भी शामिल हैं। दिवाली से एक दिन पहले और अगले दिन करीब 1,800 चालान किए गए थे।
इस बीच दिल्ली सरकार की ओर से नियुक्त नोडल अधिकारियों ने विभिन्न प्रदूषण हाटस्पाट का संयुक्त निरीक्षण किया। इसमें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), एमसीडी, यातायात पुलिस, दिल्ली मेट्रो रेल निगम, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और रेलवे के अधिकारी शामिल रहे।

वैज्ञानिक निस्तारण में कमियां मिलीं
पूर्वी दिल्ली में अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्से का निरीक्षण किया गया। यहां मिस्ट सिस्टम के संचालन, रेलवे की जमीन पर धूल नियंत्रण और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण में कमियां मिलीं। रेलवे लाइन के किनारे कच्चे हिस्सों और डीडीए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के रखरखाव की स्थिति भी देखी गई।
पंजाबी बाग स्थित रेलवे सीमेंट साइडिंग यार्ड में भी धूल प्रदूषण रोकने के इंतजामों की जांच की गई। 28 अक्टूबर को हुए पिछले निरीक्षण में यार्ड को सील करने समेत सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए थे। 12 नवंबर को दोबारा जांच में रेलवे ने परिसर के प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग की थी। साथ ही अनधिकृत गतिविधियों को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल की चौकी भी बनाई गई थी।
40 एंटी स्मॉग गन तैनात की
एमसीडी ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए 167 वाटर स्प्रिंकलर और 40 एंटी स्मॉग गन तैनात की हैं। इनका जोनवार संचालन नियमित रूप से जांचा जा रहा है। दिन और रात की टीमें खुले में कचरा जलाने, सड़कों पर धूल और गड्ढों के कारण लगने वाले जाम जैसी समस्याओं पर निगरानी कर रही हैं।
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति की टीमें भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच कर रही हैं। अधिकारियों को मिली कमियां दूर करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में रेस्तरां और ढाबों के लिए MCD की नई SOP जारी, 41 बिंदुओं पर होगी जांच; लापरवाही मिली तो लगेगा ताला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।