दिल्ली के 48 गांवों की बदलेगी तस्वीर, 'शहरी' दर्जा मिलने से विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
दिल्ली सरकार ने 48 गांवों को शहरी दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह पहल मास्टर प्लान-2041 के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक स्पष्टता लाएगी।
-1792773898018_m.webp)
दिल्ली के 48 गांवों को मिलेगा शहरी दर्जा, जागरण आर्काइव।
HighLights
दिल्ली सरकार ने 48 गांवों को शहरी दर्जा देने की पहल की।
इससे गांवों में सुनियोजित विकास और बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।
मास्टर प्लान-2041 के तहत विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे गांव।
राज्य ब्यूरो, जागरण, नई दिल्ली। दिल्ली के 48 गांवों को शहरी दर्जा देने की दिशा में दिल्ली सरकार ने कदम उठाया है। दिल्ली के बदलते शहरी स्वरूप के बीच इन गांवों की कानूनी स्थिति बदलने से इनके सुनियोजित विकास का रास्ता तैयार होगा।
माना जा रहा है कि इससे सड़क, सीवर, जलापूर्ति, जल निकासी और कचरा प्रबंधन जैसी बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों का आकलन कर योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी।
विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य
यह पहल मास्टर प्लान-2041 के मसौदे के अनुरूप विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि गांवों की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को बनाए रखते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का लक्ष्य है।
भूमि, निर्माण और विकास से जुड़े नियमों में बदलाव
दिल्ली नगर निगम अधिनियम, 1957 की धारा 507(ए) के तहत इन गांवों को शहरीकृत करने का निर्णय लिया गया है।अधिसूचना जारी होने के बाद इनका दर्जा ग्रामीण से शहरी हो जाएगा। इससे संबंधित क्षेत्रों में भूमि उपयोग, निर्माण और विकास गतिविधियों से जुड़े नियमों तथा प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर स्पष्टता आएगी।
शहरी दर्जा मिलने के बाद क्या होगा?
शहरी दर्जा मिलने का अर्थ यह नहीं है कि सभी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध हो जाएंगी। इनके विकास के लिए संबंधित एजेंसियों को स्वीकृत योजनाओं, वैधानिक मंजूरियों और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार काम करना होगा।
आंतरिक सड़कों, सीवर नेटवर्क, पानी की आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जा सकेगा।
उत्तर और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के गांव शामिल
इनमें बकौली, हमीदपुर, पल्ला, कुलकपुर, सिंघोला, सुंगरपुर दिल्ली, सुंगरपुर शाहदरा, ताजपुर कलां, टिहरी दौलतपुर, राजपुर कलां, औचंदी, मुंगेशपुर, शाहपुर गढ़ी, निजामपुर रसिदपुर, चटेसर, पुर दिल्ली, जगतपुर दिल्ली, सुल्तानपुर माजरा, पुर शाहदरा, सबापुर दिल्ली, बदरपुर खादर, बाकीआबाद, खानपुर खानी शामिल है।
इसके अलावा जाफराबाद, जगतपुर शाहदरा, बदरपुर माजरा बुराड़ी, फतेहपुर बेरी, चंदनहोला, बदूसराय, देवराला, घुम्मनहेड़ा, जैनपुर, झटिकरा, कांगनहेड़ी, राघोपुर, रावता, शिकारपुर, बिजवासन, नानक हेड़ी, बकरगढ़, ढांसा, गालिबपुर, इस्सापुर, कैर, मुंडेला कलां, मुंडेला खुर्द, सुरखपुर और चक चिल्ला भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन रविवार को रहेगी प्रभावित, यमुना बैंक और इंद्रप्रस्थ के बीच चलेगी सिंगल लाइन
यह भी पढ़ें- दिल्ली में शादी-पार्टियों में शराब परोसने के लिए लेना होगा P-10 परमिट, 15 हजार रुपये होगी फीस
