विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में चलते ट्रक से 200 किलो इलायची की चोरी, तीन आरोपित गिरफ्तार

Published: Thu, 26 Feb 2026 06:31 AM (IST)

उत्तरी दिल्ली के लाहौरी गेट में चलते ट्रक से 200 किलो इलायची चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को ...और पढ़ें

चलते ट्रक से इलायची की चोरी करनेवाले तीन आरोपी गिरफ्तार।

चलते ट्रक से इलायची की चोरी करनेवाले तीन आरोपी गिरफ्तार।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के लाहौरी गेट थाना क्षेत्र में चलते ट्रक से 200 किलो इलायची चोरी करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार, जिला मुंगेर के आनंद, प्रदीप और भागलपुर के सिथुन के रूप में हुई है। तीनों पुरानी दिल्ली के थोक बाजार में श्रमिक के रूप में काम करते थे।

इनके कब्जे से चोरी की हुई इलायची से भरा 50 किलो का बैग और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस सह आरोपितों दीपक, संदीप और सचिन की तलाश में जुटी है। बता दें कि दिल्ली इलायची की कीमतों डेढ़ हजार से तीन हजार रुपये प्रति किलो तक है।

उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, 17 फरवरी को शिकायतकर्ता दुखी कुमार ने लाहौरी गेट थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में चालक है। 13 फरवरी को उसे फरीदाबाद में इलायची और कुछ दूसरी किराने की चीजें डिलीवर करने का काम मिला था।

रात में वह एक ट्रक से खारी बावली पहुंचा और इलायची के बैग (हर बैग में 50 किलो) और दूसरी किराने की चीजें लोड करके फरीदाबाद के लिए निकल गया। वहां पहुंचने पर पता चला कि ट्रक से इलायची के चार बैग (कुल 200 किलो) चोरी हो गए थे। इंस्पेक्टर योगेश्वर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई और जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोग दिखे। उनमें से एक को पीछे से ट्रक पर चढ़ते देखा गया।

फुटेज में एक मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट की साफ तस्वीर कैद हुई। मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर पुल मिठाई के दीपक के नाम पर मिला। पुलिस टीम उसके पहुंची लेकिन वह फरार मिला। इसके बाद 20 फरवरी को सूचना मिली कि गैंग के दो सदस्य चोरी की इलायची बेचने के लिए पुल मिठाई के पास आने वाले हैं।

टीम ने तुरंत जाल बिछाते हुए दो आरोपितों आनंद और प्रदीप को दबोच लिया और उनके पास से चोरी की इलायची का एक बैग और एक मोटरसाइकिल बरामद की। उनकी निशानदेही पर सह आरोपित को भी लाल बाग, आजादपुर से दबोच लिया।

पूछताछ में पता चला कि दीपक उनके गैंग का मास्टरमाइंड है और गैंग के दूसरे सदस्य संदीप और सचिन हैं। वारदात की रात उन्होंने आरटीओ आफिस, सराय काले खां तक ट्रक का पीछा किया और चलते ट्रक से इलायची के चार बैग चुरा लिए थे।

यह भी पढ़ें- पश्चिमी दिल्ली में ड्रोन से पकड़ी गईं जल प्रदूषण फैलाने वाली अवैध इकाइयां, 11 सील