दिल्ली में 23 ठेके बंद होने के बाद भी नहीं होगी शराब की किल्लत, सरकार ने रखा 7200 करोड़ रुपये की कमाई का लक्ष्य
दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक शिकायतों और नियमों के उल्लंघन के कारण 23 शराब की दुकानें बंद कर दी हैं। हालांकि इसका असर शराब की उपलब्धता पर नहीं पड़ेगा।

दिल्ली में 23 शराब दुकानें बंद। फोटो-जागरण आर्काइव
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने लोगों की शिकायतों और सार्वजनिक असुविधा को देखते हुए राजधानी में 23 शराब की दुकानों को बंद कर दिया है। इसके अलावा 52 अन्य दुकानों को भी बंद करने के लिए चिह्नित किया गया है। इस तरह कुल 75 शराब की दुकानें सरकार की कार्रवाई के दायरे में आ गई हैं।
इन दुकानों को बंद करने के पीछे मुख्य वजह सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था, स्कूलों और धार्मिक स्थलों के नजदीक शराब की दुकानें होना और एक ही इलाके में कई ठेकों का संचालन बताया गया है।
क्यों बंद कराए गए दुकान?
आबकारी विभाग के अनुसार दिल्ली में फिलहाल करीब 700 सरकारी शराब की दुकानें संचालित हैं। इनका संचालन चार सरकारी निगमों के माध्यम से किया जा रहा है।
विभाग को पिछले कुछ महीनों में स्थानीय लोगों की ओर से कई दुकानों के खिलाफ शिकायतें मिली थीं। इनमें दुकानों के आसपास लोगों का जमावड़ा लगने और स्थानीय निवासियों को परेशानी होने की शिकायतें प्रमुख थीं।
शराब दुकान खोलने का नियम
दिल्ली आबकारी नियम, 2010 के अनुसार किसी स्कूल, कॉलेज, उच्च शिक्षण संस्थान, धार्मिक स्थल और 50 या इससे अधिक बिस्तरों वाले अस्पताल के 100 मीटर के दायरे में शराब की दुकान नहीं खोली जा सकती। हालांकि, दुकान खुलने के बाद यदि वहां स्कूल, धार्मिक स्थल या अस्पताल स्थापित होता है तो यह प्रतिबंध लागू नहीं होता।
दुकानों को बंद करने की एक अन्य प्रमुख वजह एक ही क्षेत्र में कई ठेकों का होना है। कुछ इलाकों में 200 से 700 मीटर के दायरे में एक से अधिक शराब की दुकानें संचालित हो रही थीं। विभाग के अनुसार पांच दुकानों के खिलाफ सार्वजनिक अव्यवस्था, चार दुकानों के स्कूलों और मंदिरों के नजदीक होने तथा करीब 10 दुकानों के आसपास अन्य ठेके होना है।
प्रभावित नहीं होगी शराब की उपलब्धता
दुकानों होने जा रहीं दुकानों में दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम की 23, दिल्ली राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की 19, दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम की 17 और दिल्ली उपभोक्ता सहकारी थोक भंडार की 16 दुकानें शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि दुकानों की संख्या कम होने से शराब की उपलब्धता प्रभावित नहीं होगी। वहीं, आबकारी विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 में 7200 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह का लक्ष्य रखा है।
राेहतास नगर से भाजपा विधायक जितेंद्र महाजन आप सरकार के समय से अपने इलाके में खुल चुकीं शराब की अत्यधिक दुकानों बंद कराने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी पार्टी की सरकार अाने के बाद इस बारे में जनहित में फैसला लिया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।