चलते-चलते गलती से टकराने पर 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से किए कई वार, दिल्ली पुलिस ने सात घंटे में तीन आरोपित पकड़े
दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में गलती से टकराने पर हुए विवाद में 17 वर्षीय किशोर कुणाल ढींगरा की चाकू ...और पढ़ें

आनंद पर्वत थाना पुलिस की टीम ने हत्या का मामला दर्ज सात घंटे के भीतर दो किशोरों समेत तीन आरोपितों को पकड़ लिया।
HighLights
आनंद पर्वत में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या।
गलती से टकराने पर हुए विवाद में वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने सात घंटे में तीन आरोपियों को दबोचा, चाकू बरामद।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में नाबालिगों द्वारा हत्या के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब आनंद पर्वत इलाके में चलते समय गलती से टकराने पर आरोपितों ने एक 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला कर दिया। घायलावस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अधिक खून बह जाने के कारण डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद
मृतक की पहचान कुणाल ढींगरा के रूप में हुई है। आनंद पर्वत थाना पुलिस की टीम ने हत्या का मामला दर्ज सात घंटे के भीतर दो किशोरों समेत तीन आरोपितों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान आनंद पर्वत के तुषार के रूप में हुई है।
चाकू मारे जाने की पीसीआर पर आई काॅल
मध्य जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 22 सितंबर की रात लगभग 8:30 बजे आनंद पर्वत इलाके में एक किशोर को चाकू मारे जाने के संबंध में पीसीआर काॅल मिली थी। स्थानीय पुलिस टीम तुरंत गली नंबर 16, थान सिंह रोड, आनंद पर्वत पहुंची और क्राइम टीम से घटनास्थल की जांच करवाई।
पुलिस टीम को मौके पर आनंद पर्वत के रहने वाला पीड़ित घायल अवस्था में मिला। कांस्टेबल राजेश ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे जीवन माला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पता चला कि पीड़ित को तीन लोगों ने चाकू मारा था।
मुखबिरों की मदद से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी इनपुट और स्थानीय जानकारी के आधार पर वारदात के सात घंटे भीतर तीनों आरोपितों की पहचान की। इसके बाद तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर तीनों आरोपितों को आनंद पर्वत क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया।
गलती से टकराने पर हुई वारदात
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे गली नंबर 16, थान सिंह रोड से जा रहे थे, जबकि पीड़ित दूसरी तरफ से आ रहा था। एक-दूसरे के पास से गुजरते समय वे गलती से टकरा गए, जिसके बाद उनके बीच बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि तीनों ने पीड़ित पर चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गए।
