विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में खुलेंगे 150 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 61 केंद्रों के लिए टेंडर जारी; घर के पास मिलेगा इलाज

Published: Tue, 20 Oct 2026 09:06 PM (IST)

दिल्ली सरकार 150 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने की तैयारी में है, जिनमें से 61 के निर्माण के लिए टेंडर ...और पढ़ें

दिल्ली में और आरोग्य मंदिर खुलने जा रहे हैं। फोटो: आर्काइव

दिल्ली में और आरोग्य मंदिर खुलने जा रहे हैं। फोटो: आर्काइव

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लोगों को उनकी कॉलोनियों के आसपास प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाजनक तरीके से इलाज उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार करीब 150 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने जा रही है।

इनमें से 61 आरोग्य मंदिरों के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से स्थानीय लोगों को सामान्य बीमारियों के इलाज और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर स्थित अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

सरकार की इस पहल का उद्देश्य लोगों को उनके घर के नजदीक बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है कि जिससे बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम किया जा सके।

61 आरोग्य मंदिरों के लिए टेंडर जारी

प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत इन्हें चार स्थानों पर भवनों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर शहरी उप-स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत करने के लिए निविदा जारी की है।

इस कार्य पर 74 लाख 59 हजार 891 रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रस्तावित कार्य पंजाबी बाग, तिलक विहार और चंचल पार्क, बक्करवाला सहित चार स्थानों पर किया जाएगा।

150 नए आरोग्य मंदिरों के लिए जगह तलाश

इससे पहले, दिल्ली के आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 में 31 दिसंबर 2025 तक 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर दर्ज किए गए थे। गत 14 अक्टूबर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में 100 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने की घोषणा की।

लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वे लोग 150 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए जगह की तलाश कर रहे हैं। यहां बता दें कि पूर्व की आप सरकार के समय के मोहल्ला क्लीनिक दिल्ली में आप की सरकार जाने के बाद से ही बंद हो गए थे।

भाजपा सरकार ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए हैं और 19 माह के कार्यकाल में दिल्ली 415 आरोग्य मंदिर खुल चुके हैं।

1100 आरोग्य मंदिर बनाने का लक्ष्य

स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. पंकज सिंह का कहना है कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी में 1,100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने का है। इस लक्ष्य के मुकाबले 415 केंद्र पूरे होने के बाद 685 केंद्र स्थापित किए जाने शेष रह गए हैं।

सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को घर के निकट प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और बड़े अस्पतालों पर सामान्य रोगों के उपचार का दबाव कम करना है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में यमुना किनारे बनेगा वर्ल्ड क्लास रिवरफ्रंट, पल्ला से कालिंदी कुंज तक 2 चरणों में बदलेगी तस्वीर