दशहरा-दिवाली पर दिल्ली में घर खरीदने का सुनहरा मौका, DDA लाएगा नई हाउसिंग स्कीम; 1-2 और 3 BHK के विकल्प
दिल्ली विकास प्राधिकरण त्योहारों के सीजन में नरेला समेत अन्य इलाकों में 4000 से अधिक फ्लैटों वाली नई आवास योजना ...और पढ़ें

डीडीए लाएगा नई आवास योजना। एआई जेनेरेटेड इमेज
HighLights
डीडीए त्योहारों पर नई आवास योजना लाएगा।
नरेला समेत अन्य इलाकों में 4000 से अधिक फ्लैट।
एक, दो और तीन बीएचके फ्लैट होंगे शामिल।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आगामी त्योहारों के सीजन में घर खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) नई आवास योजना लाने की तैयारी कर रहा है।
अक्टूबर- नवंबर में दशहरा- दीवाली के आसपास प्रस्तावित इस योजना में नरेला समेत अन्य इलाकों में चार हजार से अधिक फ्लैट शामिल किए जा सकते हैं। इनमें एक, दो और तीन बीएचके श्रेणी के फ्लैट होंगे। योजना के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी।
बढ़ाई जा सकती है बुकिंग अवधि
डीडीए अधिकारियों के अनुसार, इसके साथ मौजूदा कर्मयोगी आवास योजना और नागरिक आवास योजना की बुकिंग अवधि भी बढ़ाई जा सकती है। इन दोनों योजनाओं में फिलहाल 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इनकी बुकिंग अवधि सितंबर के अंत तक है, जिसे करीब एक महीने बढ़ाने की संभावना है।
कर्मयोगी आवास योजना में एक और दो बीएचके फ्लैट नरेला के पाकेट छह, नौ और 13 तथा सेक्टर ए-1 से ए-4 में उपलब्ध हैं। इस योजना में केवल कार्यरत और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी ही फ्लैट बुक कर सकते हैं।
अंतिम तिथि की घोषणा नहीं की
वहीं नागरिक आवास योजना में नरेला के पाकेट तीन और चार, सेक्टर ए-1 से ए-4 में 616 एमआइजी (दो बीएचके) और 567 एचआइजी फ्लैट उपलब्ध हैं।
इस नई योजना में विभिन्न श्रेणियों के फ्लैटों को शामिल करने से अलग-अलग आय वर्ग के खरीदारों को विकल्प मिलने की उम्मीद है। हालांकि डीडीए ने अभी नई योजना के लिए अंतिम तिथि, फ्लैटों की कीमत और बुकिंग की विस्तृत शर्तें घोषित नहीं की हैं।
