दिल्ली में 12 लाख नए घरों की तैयारी, UER-2 पर बनेगा हाई डेंसिटी कॉरिडोर; 600 किमी नई सड़कें बनेंगी
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने दिल्ली में आवासीय विकास को गति देने और 12 लाख नए घर बनाने के लिए ...और पढ़ें

दिल्ली 12 लाख नए घर बनाने की तैयारी। फोटो: सांकेतिक
HighLights
डीडीए ने लैंड पूलिंग नीति पर अभियान शुरू किया
दिल्ली में 12 लाख नए घर बनाने का लक्ष्य
किसानों, जमीन मालिकों को नीति की जानकारी दी जाएगी
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में आवासीय विकास को गति देने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने लैंड पूलिंग नीति को लेकर महीनेभर का जागरूकता अभियान शुरू किया है।
इसके तहत किसानों, जमीन मालिकों और अन्य संबंधित पक्षों को गांवों में कार्यक्रम आयोजित कर नीति के तहत होने वाले विकास की जानकारी दी जाएगी।
डीडीए के अनुसार, इस नीति के तहत करीब 200 वर्ग किमी क्षेत्र में विकास की संभावना है, जहां लगभग 12 लाख नए घर बनाए जा सकते हैं।
एलजी तरनजीत सिंह संधू के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य जमीन मालिकों को नीति के विकास माडल और उनकी भागीदारी की प्रक्रिया से परिचित कराना है।
नीति के तहत जमीन को एकत्रित कर टाउन प्लानिंग योजनाओं और अन्य विकास माडलों के जरिये डीडीए तथा निजी भागीदारों की मदद से नियोजित शहरी विकास किया जाएगा।
600 किमी से अधिक सड़कों का नेटवर्क
डीडीए के अनुसार, नीति में आवासीय विकास से पहले बुनियादी ढांचे को विकसित करने पर जोर दिया गया है। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से 30 मीटर या उससे अधिक चौड़ाई वाली सड़कों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
योजना में 600 किलोमीटर से अधिक अतिरिक्त सड़क नेटवर्क विकसित करना शामिल है, जिससे इन क्षेत्रों में आवागमन और संपर्क बेहतर हो सकेगा।
यूईआर-दो के आसपास हाई डेंसिटी काॅरिडोर
दिल्ली के मास्टर प्लान-2047 के तहत अर्बन एक्सटेंशन रोड-दो (यूईआर-दो) के आसपास हाई डेंसिटी काॅरिडोर विकसित करने की भी योजना है।
इसका उद्देश्य किफायती आवास के साथ व्यावसायिक गतिविधियों, माल भंडारण, लाजिस्टिक्स और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में सस्ते घरों का बड़ा प्लान, मेट्रो-RRTS के पास बनेंगे 17 लाख फ्लैट; UER-2 के किनारे भी हाईराइज
