सीआर पार्क और जीके-2 में प्राइवेट गाड़ियों की एंट्री बंद, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी; मेट्रो से ही जाएं
दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क और ग्रेटर कैलाश-2 में दुर्गा पूजा के कारण 20 अक्टूबर तक शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक निजी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।

दुर्गा पूजा लेकर रूट डायवर्ट किया गया। फोटो: आर्काइव
HighLights
सीआर पार्क, ग्रेटर कैलाश-2 में निजी वाहन प्रतिबंधित।
प्रतिबंध 20 अक्टूबर तक शाम 4 से 12 बजे तक।
दुर्गा पूजा के कारण यातायात दबाव बढ़ेगा।
जागरण संवाददाता, दक्षिण दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में सीआर पार्क और ग्रेटर कैलाश-दो में रोज शाम चार बजे से रात 12 बजे तक निजी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
दुर्गा पूजा समारोह के चलते अगले 20 अक्टूबर तक आठ प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है। सीआर पार्क और ग्रेटर कैलाश-दो में आयोजित होने वाले समारोहों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए यातायात पुलिस ने इन क्षेत्रों और उसके आसपास की प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहने की आशंका जताई है।
20 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम चार बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दौरान सीआर पार्क और ग्रेटर कैलाश-दो में श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
आठ प्रमुख सड़कों पर बढ़ेगा यातायात दबाव
यातायात पुलिस के अनुसार, आउटर रिंग रोड पर वसंत विहार से मोदी मिल फ्लाईओवर तक, लाला लाजपत राय मार्ग पर सीआर पार्क के निकट, अगस्त क्रांति मार्ग पर रिंग रोड से आउटर रिंग रोड के बीच और महरौली-बदरपुर रोड पर खानपुर से जामिया हमदर्द तक यातायात प्रभावित होगा।
इसके अलावा गुरु रविदास मार्ग, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग और जोसिप ब्रोज टीटो मार्ग के कुछ हिस्सों में भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
सीआर पार्क और ग्रेटर कैलाश-दो की आंतरिक सड़कों पर भी यातायात का दबाव रहेगा। दुर्गा पूजा पंडाल आवासीय कॉलोनियों के भीतर स्थित हैं, जहां सड़कों की चौड़ाई कम है और आगंतुकों के वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं है।
ऐसे में निजी वाहनों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग की समस्या के साथ जाम का सामना करना पड़ेगा। यातायात पुलिस ने सीआर पार्क पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। श्रद्धालु ग्रेटर कैलाश और नेहरू एन्क्लेव मेट्रो स्टेशन पर उतरकर आगे पैदल पंडालों तक पहुंच सकते हैं।
