विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के कनॉट प्लेस में अचानक गिरा रेड लाइट का पोल, ऑटो-स्कूटी आई चपेट में; बच्चा समेत दो घायल

Published: Wed, 16 Sep 2026 12:57 AM (IST)

मंगलवार रात कनाट प्लेस के आउटर सर्किल पर मिंटो ब्रिज के पास एक रेड लाइट का पोल गिरने से अफरा-तफरी ...और पढ़ें

कनॉट प्लेस में गिरा रेड लाइट का पोल। (वीडियो ग्रैब)

कनॉट प्लेस में गिरा रेड लाइट का पोल। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. कनाट प्लेस में मिंटो ब्रिज के पास गिरा रेड लाइट पोल।

  2. ऑटो और स्कूटी की चपेट में आने से दो लोग घायल।

  3. घायलों को लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कनाट प्लेस के आउटर सर्किल पर मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मिंटो ब्रिज के पास अचानक रेड लाइट का पोल सड़क पर गिर गया। हादसे के समय सड़क पर भारी यातायात था।

पोल की चपेट में एक आटो और स्कूटी आ गई। हादसे में आटो में सवार एक बच्चा और स्कूटी सवार घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ऑटो और स्कूटी क्षतिग्रस्त

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 9:30 बजे आउटर सर्किल पर मिंटो ब्रिज के पास हुआ। अचानक रेड लाइट का पोल गिरने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। पोल की चपेट में आने से आटो और स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही कनाट प्लेस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

पुलिसकर्मियों ने सड़क पर गिरे पोल को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

जर्जर और कमजोर था पोल

वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रेड लाइट का पोल काफी समय से जर्जर और कमजोर हालत में था। इसी वजह से उसके अचानक गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोल किस वजह से गिरा, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें- BRICS Summit ने बदली कनॉट प्लेस की तस्वीर, लौटी 80 के दशक की रौनक; अब फिर अतिक्रमण का डर

यह भी पढ़ें- ब्रिक्स समिट: कनॉट प्लेस में लुत्फ उठा रहे विदेशी मेहमान, भारत के देसी मसालों के मुरीद हुए चीन-रूस के नेता