ब्रिक्स समिट: कनॉट प्लेस में लुत्फ उठा रहे विदेशी मेहमान, भारत के देसी मसालों के मुरीद हुए चीन-रूस के नेता
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के विदेशी प्रतिनिधि दिल्ली के कनॉट प्लेस और खान मार्केट में खरीदारी और भारतीय व्यंजनों का लुत्फ ...और पढ़ें

कनॉट प्लेस के इनर सर्किल में भ्रमण करते विदेशी मेहमान। जागरण
HighLights
विदेशी प्रतिनिधि दिल्ली के बाजारों में खरीदारी और व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं।
कनॉट प्लेस और खान मार्केट में व्यापार में 20-30% की वृद्धि हुई।
ब्रिक्स मेहमानों को भारतीय श्री अन्न और देशी मसाले बेहद पसंद आ रहे हैं।
नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर न केवल कूटनीतिक गलियारों में हलचल है, बल्कि लुटियंस दिल्ली के ऐतिहासिक बाजारों में भी उत्साह का माहौल है।
दक्षिण अफ्रीका, चीन, ब्राजील, रूस और इजिप्ट सहित विभिन्न सदस्य देशों से आए विदेसी प्रतिनिधि और मेहमान दिलवालों की दिल्ली की आबोहवा, लजीज व्यंजनों और खरीदारी का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
कनॉट प्लेस व खान मार्केट जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में विदेसी मेहमानों की चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं और बिक्री में करीब 20 से 30 प्रतिशत तक का उछाल दर्ज किया जा रहा है।
श्री अन्न और देसी मसालों के मुरीद हुए विदेसी प्रतिनिधि
मेहमानों को देश के समृद्ध स्वाद और संस्कृति से रूबरू कराने के लिए इन बाजारों के रेस्तरां ने खास तैयारियां की हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर बढ़ावा दिए जा रहे श्री अन्न (मिलेट्स) से बने विशेष व्यंजनों को मेन्यू में शामिल किया गया है।

इसी तरह, देसी मसालों से पके व्यंजनों का स्वाद विदेसी मेहमानों की जुबान पर चढ़कर बोल रहा है। कनॉट प्लेस स्थित रेस्त्रां होस्ट के मैनेजर मनोज भंडारी ने खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। हमने विदेसी प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए खास तैयारियां की थीं।
उन्हें भारतीय मसाले और मिलेट्स से बने व्यंजन बेहद पसंद आ रहे हैं। हाल ही में आए विदेसी डेलीगेट्स भोजन का स्वाद लेकर इतने खुश हुए कि उंगलियां चाटते रह गए।
खुले-खुले गलियारे और सुकून भरा माहौल
नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) के सचिव अमित गुप्ता ने बताया कि कनॉट प्लेस में सुरक्षा व व्यवस्था दुरुस्त होने से बाजार का माहौल बेहतर हो गया है। अतिक्रमण और अनधिकृत रेहड़ी-पटरी वालों से मुक्ति मिलने के बाद सीपी के गलियारे पूरी तरह खुले-खुले और आकर्षक नजर आ रहे हैं।
शनिवार को बाजार में खरीदारों और पर्यटकों की भारी भीड़ रही। बिना किसी परेशानी के देश-विदेश के पर्यटक व मेहमान आराम से टहलते हुए खरीदारी और खान-पान का आनंद ले रहे हैं। सभी पार्किंग लाट भरे हुए हैं। वह भी आ रहे हैं जो रेहड़ी-पटरी वालों के कब्जे के चलते यहां आने से कतराने लगे थे।
एनडीटीए के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से न केवल देश का सम्मान और जीडीपी ग्रोथ बढ़ती है, बल्कि स्थानीय व्यापार को भी बड़ा उछाल मिलता है।

चीन, दक्षिण अफ्रीका व रूस के मेहमान पहुंच रहे खान मार्केट
खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव मेहरा ने बताया कि विदेसी मेहमानों में दिल्ली के बाजारों को लेकर बड़ी उत्सुकता है। चीन, दक्षिण अफ्रीका व रूस समेत अन्य देशों के मेहमान आ रहे हैं। वह भारतीय शिल्पकला, परिधानों और हस्तशिल्प की खरीदारी के साथ भारतीय व्यंजनों का स्वाद ले रहे हैं।
व्यापारियों कर रहे दिल खोलकर स्वागत
दुकानदार और रेस्तरां संचालक पारंपरिक भारतीय शैली में अतिथि देवो भव: के भाव के साथ मेहमानों का स्वागत कर रहे हैं। हालांकि, व्यापारियों का यह भी मानना है कि यदि एनडीएमसी की ओर से इमारतों के रखरखाव और सजावट पर थोड़ा और ध्यान दिया जाता, तो कनॉट प्लेस की वास्तुकला की चमक और दोगुनी हो सकती थी।
इसके बावजूद, बाजारों में छाया यह उल्लास और बढ़ता कारोबार दिल्ली के व्यापारियों के लिए उत्सव का माहौल ले आया है।
उपेक्षा से चांदनी चौक निराश
दिल्ली के ऐतिहासिक बसावट, परंपरागत स्वाद के लिए मशहूर तथा दिल्ली के प्रमुख कारोबारी हब चांदनी चौक के लोग ब्रिक्स में उपेक्षा से निराश है। क्योंकि, अतिक्रमण के साथ ही लचर सफाई व्यवस्था के चलते प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चांदनी चौक में कोई विदेसी मेहमान नहीं आ रहा है।
चांदनी चौक सर्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय भार्गव ने कहा कि जी-20 के साथ ही ब्रिक्स में भी इस ऐतिहासिक शहर को मेहमानों से दूर रखा गया है।
यह भी पढ़ें- ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: चीनी-अंग्रेजी वाक्य रट रहे चांदनी चौक के व्यापारी, विदेशी मेहमानों के लिए बड़ी तैयारी
यह भी पढ़ें- 'BRICS अब परिपक्वता के दौर में पहुंच गया', PM मोदी ने की विश्व व्यवस्था में बदलाव की वकालत
