विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DU की छात्राओं को नहीं होगी आने-जाने की परेशानी, 2 नए रूट पर दौड़ेंगी लेडीज स्पेशल बसें; देखें शेड्यूल

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:41 PM (IST)

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कमला नेहरू कॉलेज में छात्राओं के लिए दो नए रूट पर डीटीसी यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल बस सेवा शुरू की। उन्होंने 'वंदे मातरम् अकादमिक भवन' का उद्घाटन भी किया और कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की।

कमला नेहरू कालेज के स्थापना दिवस पर शुरू यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल बस सेवा की पहली यात्रा में शामिल छात्राएं। सौ. सीएम कार्यालय

कमला नेहरू कालेज के स्थापना दिवस पर शुरू यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल बस सेवा की पहली यात्रा में शामिल छात्राएं। सौ. सीएम कार्यालय

HighLights

  1. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्राओं के लिए विशेष बस सेवा का शुभारंभ किया।

  2. लक्ष्मी नगर, ग्रीन पार्क से कमला नेहरू कॉलेज तक बसें चलेंगी।

  3. 'वंदे मातरम् अकादमिक भवन' का उद्घाटन, कॉलेज की उपलब्धियों की सराहना।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के कमला नेहरू कॉलेज में आयोजित कॉलेज दिवस समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्राओं के लिए दो नए रूट पर दिल्ली परिवहन निगम की यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल बस सेवा शुरू की है।

उन्होंने कॉलेज के नवनिर्मित ‘वंदे मातरम् अकादमिक भवन’ का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रकाशनों और छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की तथा विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया।

लक्ष्मी नगर और ग्रीन पार्क से मिलेगी कनेक्टिविटी

बसें कमला नेहरू और गार्गी कॉलेज की छात्राओं को लक्ष्मी नगर और ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन से सीधी कनेक्टिविटी देंगी। दोनों कॉलेज दक्षिणी दिल्ली में एक-दूसरे के नजदीक हैं।

सुबह आठ से 10:30 बजे तक बसें संबंधित मेट्रो स्टेशन से कॉलेज क्षेत्र के लिए चलेंगी। दोपहर बाद तीन से 5:30 बजे तक कॉलेज क्षेत्र से मेट्रो स्टेशन तक हर 30 मिनट में बसें उपलब्ध रहेंगी।

400 से बढ़कर चार हजार हुई छात्राओं की संख्या

मुख्यमंत्री ने कहा कि कमला नेहरू कॉलेज की यात्रा गौरवपूर्ण रही है। महज 400 विद्यार्थियों से शुरू हुआ संस्थान आज प्रतिवर्ष 4,000 से अधिक छात्राओं को शिक्षा दे रहा है।

अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन व्यक्तित्व निर्माण, जीवनभर की मित्रता, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नेतृत्व गढ़ने का महत्वपूर्ण पड़ाव है।

कई विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विजिता सिंह अग्रवाल, दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी और विधायक अनिल शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली व मुंबई और बिहार के लिए रेलवे ने चलाई 10 विशेष ट्रेन, प्रयागराज से होकर जाएंगी; यात्रियों को होगी सुविधा 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।