स्कैनर को चकमा देने की कोशिश नाकाम, बेल्ट के बकल में चाकू छिपाकर हांगकांग से दिल्ली पहुंचा यात्री, CISF ने दबोचा
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ के सुरक्षा जवान ने यात्री के बेल्ट बकल के अंदर से एक चाकू बरामद किया है।
-1795774034732_m.webp)
दिल्ली एयरपोर्ट पर बेल्ट के बकल में चाकू छिपाकर पहुंचा यात्री। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
आईजीआई एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच में चाकू बरामद।
यात्री ने बेल्ट के बकल में छिपाया था चाकू।
सीआइएसएफ की एक्स-बीआइएस मशीन ने किया खुलासा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने एक यात्री के पास से अनोखे तरीके से छिपाकर रखा गया चाकू बरामद किया है। यात्री ने चाकू को अपनी बेल्ट के बकल के भीतर इस तरह छिपा रखा था कि पहली नजर में वह सामान्य स्टाइलिश बकल जैसा दिखाई दे रहा था।
एक्स-बीआइएस मशीन पर बैगेज की जांच के दौरान सीआईएसएफ के स्क्रीनर की सतर्कता से इस प्रतिबंधित वस्तु का पता चला।
हांगकांग से दिल्ली पहुंचा यात्री
सीआईएसएफ के अनुसार, यात्री हांगकांग से दिल्ली पहुंचा था। उसे दिल्ली से रायपुर के लिए आगे की यात्रा करनी थी। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान जब उसके बैगेज को एक्स-बीआइएस मशीन से गुजारा गया तो स्क्रीनर को स्क्रीन पर एक असामान्य धातु की वस्तु दिखाई दी।
सामान्य वस्तुओं से अलग इसकी बनावट होने के कारण स्क्रीनर को संदेह हुआ। उसने तत्काल बैगेज को विस्तृत भौतिक जांच के लिए भेजने का निर्णय लिया।
बकल के अंदर छिपा था चाकू
इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने बैगेज की भौतिक जांच की तो उसमें बेल्ट का एक बकल मिला। देखने में यह सामान्य फैशनेबल बकल जैसा था, लेकिन बारीकी से जांच करने पर उसके भीतर छिपा हुआ चाकू मिला। चाकू को बकल के डिजाइन में इस तरह समाहित किया गया था कि सामान्य तौर पर उसे पहचानना आसान नहीं था।
सीआईएसएफ ने इस कार्रवाई को विमानन सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। अधिकारियों के अनुसार, एक्स-बीआईएस मशीन पर तस्वीरों का विश्लेषण करने वाले स्क्रीनर की सतर्कता और सूक्ष्म निरीक्षण से असामान्य डिजाइन वाली प्रतिबंधित वस्तु का पता लग सका।
यह भी पढ़ें- 11वीं पास शख्स दिल्ली के अस्पतालों में बना डॉक्टर, 6.5 लाख में खरीदी फर्जी डिग्री; गिरोह का पर्दाफाश