छठ महापर्व ने भारतीय अर्थव्यवस्था को दी नई गति, 65 हजार करोड़ का दिया योगदान
लोक आस्था का महापर्व छठ अब भारतीय संस्कृति के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था में भी 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बड़ा योगदान दे रहा है।

छठ महापर्व ने भारतीय अर्थव्यवस्था को दी नई गति ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
छठ महापर्व का अर्थव्यवस्था में 65 हजार करोड़ से अधिक योगदान।
दिल्ली, बिहार, झारखंड में हुआ हजारों करोड़ का कारोबार।
स्थानीय कारीगरों, किसानों को मिला बड़ा आर्थिक संबल।
नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। लोक आस्था के महापर्व छठ का योगदान भारतीय संस्कृति में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब यह देश की अर्थव्यवस्था में भी 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बड़ा योगदान भी देने लगा है।
एक अनुमान के मुताबिक, इस महापर्व के दौरान अकेले दिल्ली में 12 हजार करोड़ रुपये, बिहार में 20 हजार करोड़ और झारखंड में करीब सात हजार करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है, जबकि अन्य राज्यों में 26 हजार करोड़ रुपये का व्यापार हुआ।
आर्थिक गतिविधियों को मिली रफ्तार
यह दायरा इसलिए भी विस्तृत हुआ है कि इस अद्भूत पर्व को आस्था और शूचितापूर्वक देशभर में करीब 11 करोड़ लोग मनाते हुए प्रकृति वंदन कर रहे हैं।
कंफेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा जारी आंकलन के अनुसार, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश छठ के मुख्य केंद्र हैं, जहां भव्य घाटों और स्थानीय बाजारों में खरीदार उमड़े थे।
इसी तरह दिल्ली-एनसीआर, बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी पूर्वांचल के प्रवासी समुदायों की बड़ी आबादी द्वारा यह पर्व बड़े स्तर पर उत्साहपूर्वक मनाया गया।
इस महापर्व से परिवहन, खानपान, टेंट, लाइटिंग और सुरक्षा जैसे सेवा क्षेत्रों के साथ-साथ पारंपरिक उद्योगों को भी बड़ा संबल मिला है।
इसी तरह, बांस से बने सूप, दउरा, डलिया और टोकरी की भारी मांग से पारंपरिक कारीगरों को रोजगार मिल। जबकि, केला, नारियल, गन्ना, मौसमी फल और सब्जियों की खरीदारी से किसानों व थोक व्यापारियों का बाजार विस्तृत हुआ है।
आजीविका से जुड़ी आस्था
ठेकुआ, गुड़, घी और पारंपरिक मिठाइयों के साथ-साथ कुम्हारों द्वारा बनाए जाने वाले मिट्टी के दीये, चूल्हे और कलश की बिक्री से कुटीर उद्योगों को भी वृहद आर्थिक लाभ पहुंचा है। इस क्रम में साड़ियों, पूजा सामग्री और सजावटी वस्तुओं का बाजार भी खूब गुलजार हुआ।
कैट के महामंत्री व चांदनी चौक के सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि यह पर्व आस्था को सीधे आजीविका से जोड़ता है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वोकल फार लोकल और आत्मनिर्भर भारत के विजन को धरातल पर उतारने का बेहतरीन माध्यम है। जब आमजन स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों या किसानों से खरीदारी करते हैं, तो वे सीधे तौर पर देश की घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे होते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और रोजगार सृजन की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत भी है।
यह भी पढ़ें- शहरीकरण ने छीने खाली भूखंड, ग्रेटर फरीदाबाद में घरों में बन रहे छठ घाट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।