कैंसर की दवाओं की नई दरें लागू, 137 दवाएं 96% तक सस्ती; दिल्ली में पुराने स्टॉक की कीमत पर विक्रेताओं में असमंजस
केंद्र सरकार की नई मूल्य व्यवस्था के तहत 137 कैंसररोधी दवाएं 96% तक सस्ती हो गई हैं, जो 9 नवंबर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
कैंसर की 137 दवाएं 96% तक सस्ती हुईं।
दिल्ली में दवा विक्रेताओं को नई दरों की जानकारी नहीं।
स्वास्थ्य मंत्री ने नियमों का पालन अनिवार्य बताया, कार्रवाई की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कैंसर की महंगी दवाओं पर मरीजों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार की नई मूल्य व्यवस्था नौ नवंबर से लागू हो गई, लेकिन दिल्ली में पहले दिन इसका पालन कराने की व्यवस्था जमीन पर स्पष्ट नजर नहीं आई।
एम्स के आसपास कई दवा विक्रेताओं को नई दरों की जानकारी तक नहीं है। कुछ दुकानदारों का कहना है कि वे कैंसर की दवाएं नियमित रूप से स्टॉक में नहीं रखते, बल्कि आर्डर मिलने पर मंगाते हैं। वहीं, पहले से महंगी कीमत पर खरीदे गए दवा के पुराने स्टॉक को लेकर भी असमंजस है।
इस बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने स्पष्ट किया है कि नई व्यवस्था का पालन करना अनिवार्य है। मरीजों को दवा मिलने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।
137 दवाओं पर मुनाफे की सीमा होगी 30%
नई व्यवस्था के तहत 137 कैंसररोधी दवाओं के व्यापारिक मुनाफे की सीमा अधिकतम 30 प्रतिशत तय की गई है। इससे कुछ दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत में 96.45 प्रतिशत तक की कमी आई है।
नई दरें राष्ट्रीय औषध मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) की वेबसाइट और फार्मा सही दाम मोबाइल एप पर उपलब्ध है। इसके बावजूद दिल्ली में दवा विक्रेताओं के बीच नई कीमतों के अनुसार बिक्री को लेकर स्पष्टता नहीं दिखी।
दिल्ली में एम्स, सफदरजंग और राजीव गांधी कैंसर संस्थान सहित कई बड़े अस्पताल हैं। यहां देश के अलग-अलग राज्यों के साथ विदेश से भी कैंसर के मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। दिल्ली कैंसर की दवाओं का करीब 2500 करोड़ का बड़ा बाजार है।
कीमतों में कमी का लाभ यहां उपचार कराने आने वाले मरीजों को मिलना महत्वपूर्ण है। खासकर उन मरीजों के लिए यह राहत अहम है जिन्हें लंबे समय तक महंगी दवाएं लेनी पड़ती हैं।
पुराने स्टॉक और नई दरों को लेकर असमंजस
एम्स के गेट नंबर तीन के पास स्थित इंद्र मेडिकोज के कपिल ने बताया कि उपलब्ध दवाएं संशोधित कीमतों पर देने की व्यवस्था की जा रही है। जिन दवाओं का स्टॉक नहीं है, उन्हें आर्डर पर मंगाया जाएगा। पुराने स्टॉक की बिक्री और नई दरों को लेकर दिशा-निर्देश मांगे गए हैं।
एम्स के सामने स्थित अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि वे कैंसर की दवाएं नियमित रूप से नहीं रखते। कुछ दुकानदारों ने नई दरों के संबंध में जानकारी नहीं होने की बात भी कही।
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि नई मूल्य व्यवस्था का पालन सभी के लिए अनिवार्य है। किसी दुकानदार या अस्पताल को इसे लागू करने में कोई समस्या है तो संबंधित विभाग से संपर्क कर समाधान कराए। मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अधिक कीमत वसूलने या नई व्यवस्था का पालन नहीं करने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मरीज निर्धारित कीमत से अधिक वसूली की शिकायत सीधे उनसे और एनपीपीए के हेल्पलाइन नंबर 1800-11-1255 पर भी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- कैंसर की दवाओं की कीमतों में भारी गिरावट, धनबाद के हजारों मरीजों को मिली राहत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।