चांदनी चौक में अवैध पार्किंग का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस ने MCD की फर्जी रसीद काटते आरोपी को दबोचा
दिल्ली पुलिस ने चांदनी चौक में चल रहे एक अवैध पार्किंग रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फर्जी एमसीडी पर्चियों का इस्तेमाल कर लोगों से अवैध वसूली करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है।
-1795341253046_m.webp)
चांदनी चौक में अवैध पार्किंग चला एमसीडी की फर्जी रसीदें काटने वाला गिरफ्तार। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
चांदनी चौक में अवैध पार्किंग रैकेट का पर्दाफाश।
फर्जी एमसीडी पार्किंग पर्चियों से वसूली करता था।
आकाश नामक युवक को पुलिस ने दबोचा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी जिला के कोतवाली थाना पुलिस ने चांदनी चौक इलाके में चल रहे एक अवैध पार्किंग रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दिल्ली नगर निगम की फर्जी पार्किंग पर्चियों का इस्तेमाल कर लोगों से अवैध वसूली और धोखाधड़ी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
उत्तरी जिले की पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के मुताबिक 20 नवंबर की शाम करीब 5.20 बजे कोतवाली थाने में तैनात एएसआई कृष्ण कांत को सूचना मिली कि चांदनी चौक स्थित सुभाष मार्ग पर प्रेजेंटेशन स्कूल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से वाहन खड़े करवाकर फर्जी पर्चियां काट रहा है और लोगों से पार्किंग शुल्क वसूल रहा है।
पुलिस टीम को आते देख भागने की कोशिश
सूचना मिलने पर एसीपी कोतवाली अमनदीप कौर और इंस्पेक्टर सुमन कुमार की देखरेख में पुलिस टीम ने प्रेजेंटेशन स्कूल के पास स्थित पटरी पर दबिश दी।
पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता देख, राहगीरों को आवाज लगाकर वाहन पार्क करवा रहा युवक घबराकर भागने लगा। हालांकि, पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
फर्जी रसीद और वसूली गई नकदी बरामद
गिरफ्तार किए गए आरोपित का नाम आकाश है, वह जमुना बाजार, कश्मीरी गेट का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान वह पार्किंग संचालन से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस या सरकारी अनुमति पत्र नहीं दिखा सका।
तलाशी लेने पर उसके पास से इस्तेमाल की हुई और कोरी फर्जी पार्किंग रसीदों की बुकलेट बरामद हुईं, जिन पर एमसीडी लिखा हुआ छपा हुआ था। इसके अलावा, अवैध पार्किंग शुल्क के रूप में वसूले गए कुछ नकदी भी जब्त किए गए।
आर्थिक तंगी से गुजर रहा था आरोपी
आरोपी मजदूरी व छोटे-मोटे काम करता था। आर्थिक तंगी से जूझने के कारण वह उसने एमसीडी के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर नकली रसीदों के जरिए लोगों को ठगना शुरू कर दिया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फर्जी रसीदों की छपाई कहा से करवाई गई थी और क्या इस गिरोह में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सदस्य मक्खी, अपहरण के मामले में था वांछित
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।