विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में कल से सजेगा कुश्ती का अखाड़ा, जुटेंगे देश के दिग्गज पहलवान, विजेताओं के लिए नकद इनाम घोषित

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:33 PM (IST)

दिल्ली के प्रहलादपुर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में 8वीं ऑल इंडिया पुरुष एवं महिला चंदगीराम गोल्ड कप कुश्ती प्रतियोगिता 23 और 24 नवंबर को आयोजित की जा रही है। जिसमें देश के नामी पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

दिल्ली में 23 और 24 नवंबर को कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। फोटो-एआई जेनरेटेड

दिल्ली में 23 और 24 नवंबर को कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। फोटो-एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. 8वीं चंदगीराम गोल्ड कप कुश्ती प्रतियोगिता प्रहलादपुर में शुरू।

  2. देशभर के पुरुष-महिला पहलवान दिखाएंगे अपना दमखम और प्रतिभा।

  3. विजेताओं को लाखों के नकद पुरस्कार, दिल्ली पुलिस देगी सम्मान।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। पद्मश्री मास्टर चंदगीराम की पुण्य स्मृति में 8वीं आल इंडिया पुरुष एवं महिला चंदगीराम गोल्ड कप कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 23 और 24 नवंबर को दिल्ली के प्रहलादपुर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में किया जाएगा।प्रतियोगिता में देश के नामी पुरुष एवं महिला पहलवान मैट पर अपनी कुश्ती प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।

दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन चंदगीराम स्पोर्ट्स वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट दिल्ली की ओर से किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय कुश्ती महासंघ के नियमों के तहत मैट पर होंगे।

23-24 नवंबर को आयोजित होंगे मुकाबले

प्रतियोगिता में शामिल होने वाले पहलवानों का वजन 23 नवंबर को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक कुश्ती मुकाबले होंगे। वहीं, 24 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

विजेता पहलवानों को मिलेगा पुरस्कार

पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग में 65 किलोग्राम और 86 किलोग्राम भार वर्ग के विजेता पहलवान को 50-50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि उपविजेता को 20-20 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले पहलवानों को 10-10 हजार रुपये मिलेंगे।

वहीं, 125 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 20 हजार रुपये रखा गया है।

महिला फ्रीस्टाइल में 53 किलोग्राम और 62 किलोग्राम भार वर्ग की विजेता पहलवान को 50-50 हजार रुपये, उपविजेता को 20-20 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली पहलवानों को 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे। 76 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार और तृतीय पुरस्कार 20 हजार रुपये निर्धारित किया है।

दिल्ली पुलिस करेगी बेस्ट रेसलर को सम्मानित

प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग से एक-एक सर्वश्रेष्ठ पहलवान (बेस्ट रेसलर) का चयन किया जाएगा। चयनित पहलवानों को दिल्ली पुलिस की ओर से विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। आयोजकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी पहलवानों से दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने की अपील की है। वजन में किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- राजधानी में बढ़ रही किशोर अपराधियों की संख्या, देश के 19 महानगरों में 46% मामले अकेले दिल्ली में दर्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।