केंद्र व दिल्ली की सियासी दूरी कम करेगी यमुना
-दोनों सरकारों के साथ काम करने से दिल्ली होगी जल व वायु प्रदूषण से मुक्त: गडकरी -जितना
-दोनों सरकारों के साथ काम करने से दिल्ली होगी जल व वायु प्रदूषण से मुक्त: गडकरी
-जितना प्यार गडकरी ने हमे दिया है उतना प्यार भाजपा वालों को भी नहीं दिया होगा : केजरीवाल राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली
केंद्र व दिल्ली सरकार के बीच राजनीतिक मतभेद अक्सर सुर्खियों में रहे हैं। दोनों सरकारें एक-दूसरे पर विकास कार्यो में बाधा डालने का आरोप-प्रत्यारोप लगाती रही हैं। लेकिन, विज्ञान भवन में जीवनदायिनी यमुना को निर्मल बनाने के लिए आयोजित समारोह में नजारा बदला नजर आया। केंद्र सरकार के दोनों मंत्रियों व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए मिलकर काम करने की बात कही।
मामले की शुरुआत विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र सरकार की कभी तारीफ नहीं करती। यमुना की सफाई की इस परियोजना पर दिल्ली व केंद्र सरकार को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार या भाजपा की तरफ से कोई दिक्कत नहीं आएगी।
बाद में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली में वायु व जल प्रदूषण बड़ी समस्या है। इससे विदेशों में राजधानी की छवि खराब हो रही है। उन्होंने लंदन के एक परिवार का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदूषण के कारण लोग यहां आने से कतराते हैं। इसलिए केंद्र, दिल्ली सरकार और यहां के सभी स्थानीय निकायों को मिलकर काम करना होगा।
वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नितिन गडकरी ने हमें महसूस नहीं होने दिया कि हम विपक्षी पार्टी से हैं। उन्होंने हमें जितना प्यार दिया है मुझे लगता है कि उतना प्यार भाजपा वालों को भी नहीं दिया है। राजनीति केवल चुनाव तक होनी चाहिए। इसके बाद केंद्र व राज्य में चाहे किसी की सरकार हो सभी को मिलकर काम करना चाहिए। दिल्ली सरकार केंद्र सरकार के सभी विभागों के साथ मिलकर काम करना चाहती है।
दो साल में सीवेज नेटवर्क से जुड़ जाएंगी सभी अनधिकृत कॉलोनियां
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में सीवेज का पहले बुरा हाल हुआ करता था। पिछले कुछ सालों में 300 कॉलोनियों में सीवेज की लाइनें बिछाईं गईं हैं। दो साल में सभी कॉलोनियां सीवेज नेटवर्क से जुड़ जाएंगी। उन्होंने कहा कि यमुना साफ होगी तभी सिग्नेचर ब्रिज से दृश्य आकर्षक दिखेगा।