विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE ने जारी किया 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 का पूरा शेड्यूल, 16 फरवरी से शुरू होंगे एग्जाम

Published: Fri, 06 Nov 2026 07:21 PM (IST)

CBSE ने वर्ष 2027 में होने वाली 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। इन परीक्षाओं की शुरुआत 16 फरवरी 2027 से होने वाली है

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. CBSE ने 2027 बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी की।

  2. 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी।

  3. छात्र विस्तृत शेड्यूल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देखें।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी।

10वीं की परीक्षाएं नौ मार्च तक और 12वीं की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी। सभी परीक्षाएं सुबह साढ़े बजे से शुरू होंगी।

बोर्ड परीक्षा  101 दिन पहले शेड्यूल जारी

सीबीएसई ने इस बार डेटशीट परीक्षा शुरू होने से करीब 101 दिन पहले जारी की है। बोर्ड ने बताया कि स्कूलों की ओर से विद्यार्थियों के विषयों के चयन का विवरण समय पर जमा कराने के कारण डेटशीट पहले जारी करना संभव हुआ है। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी और समय प्रबंधन के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।

 10वीं की परीक्षा 16 फरवरी को पेंटिंग विषय से शुरू होगी, जबकि 17 फरवरी को गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक की परीक्षा होगी। विज्ञान की परीक्षा 22 फरवरी, अंग्रेजी की 26 फरवरी, हिंदी की तीन मार्च और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आठ मार्च को आयोजित की जाएगी। अंतिम परीक्षा नौ मार्च को होगी।

किस विषय की कब होगी परीक्षा?

12वीं की परीक्षा 16 फरवरी को भौतिकी विषय से शुरू होगी। रसायन विज्ञान की परीक्षा 27 फरवरी, अंग्रेजी की परीक्षा पांच मार्च, गणित की नौ मार्च, गृह विज्ञान की 11 मार्च, हिंदी की 13 मार्च, अर्थशास्त्र की 16 मार्च, राजनीति विज्ञान की 19 मार्च, जीव विज्ञान की परीक्षा 25 मार्च, इतिहास की 27 मार्च, समाजशास्त्र की 30 मार्च, कंप्यूटर की 31 मार्च को निर्धारित है। अंतिम परीक्षा नौ अप्रैल को होगी।

लाखों छात्र होंगे शामिल

बोर्ड के मुताबिक, इस बार कक्षा 10वीं में 26.5 लाख से अधिक और 12वीं में 19.8 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। डेटशीट तैयार करते समय विषयों के बीच पर्याप्त अंतराल, प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तारीखों और परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या को ध्यान में रखा गया है।

डेटशीट पहले जारी होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई की योजना बनाने, शिक्षकों को पाठ्यक्रम पूरा कराने और स्कूलों को परीक्षा संबंधी व्यवस्थाएं करने में सुविधा होगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के सैदुलाजाब में कार शोरूम में लगी आग, डिलीवरी के लिए खड़ी 6 गाड़ियां खाक; दो महिलाओं समेत 19 को बचाया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।