दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर टाटा नेक्सन कार में लगी आग, कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के बाहर देर रात एक टाटा नेक्सन कार के इंजन में आग लग गई। एयरपोर्ट कर्मचारियों और ड्राइवरों ने अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाया।
-1795229228720_m.webp)
आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के आगमन टर्मिनल के बाहर कार में लगी आग को बुझाते सुरक्षा कर्मी। जागरण
HighLights
आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर टाटा नेक्सन कार के इंजन में आग।
एयरपोर्ट कर्मचारियों और ड्राइवरों ने अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाई।
समय रहते आग पर काबू पाया, बड़ा हादसा टल गया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के आगमन टर्मिनल के बाहर देर रात एक कार के इंजन में आग लग गई। सफेद रंग की टाटा नेक्सन कार में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वहीं, एयरपोर्ट कर्मचारियों और वहां मौजूद ड्राइवरों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से आग पर काबू पा लिया। दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही आग बुझा दी गई। घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
कार में अचानक लग गई आग
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब एक बजे की है। कार ड्राइवर एयरपोर्ट पर किसी यात्री को लेने पहुंचा था। इसी दौरान आगमन टर्मिनल के बाहर खड़ी कार के अगले हिस्से यानी इंजन में अचानक आग लग गई।
ड्राइवरों ने आग पर पाया काबू
वहीं, कार से धुआं और लपटें उठती देख वहां मौजूद एयरपोर्ट कर्मचारियों और ड्राइवरों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। उन्होंने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया।
बाद में कार को मौके से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।