विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR में डीजल जनरेटर के धुएं पर लगेगी लगाम, CAQM ने बनाई विशेषज्ञों की टीम; दो महीने में आएगी रिपोर्ट

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:28 PM (IST)

Delhi-NCR में डीजल जनरेटर से निकलने वाले धुएं पर नियंत्रण के लिए CAQM ने एक विशेषज्ञ समूह का गठन किया ...और पढ़ें

जनरेटर (डीजी) सेट से निकलने वाले धुएं की जांच के लिए सीएक्यूएम ने विशेषज्ञों की टीम गठित की है। एआई इमेज

जनरेटर (डीजी) सेट से निकलने वाले धुएं की जांच के लिए सीएक्यूएम ने विशेषज्ञों की टीम गठित की है। एआई इमेज

HighLights

  1. CAQM ने दिल्ली-एनसीआर में डीजल जनरेटर प्रदूषण नियंत्रण हेतु विशेषज्ञ समूह बनाया।

  2. समूह मौजूदा नियमों, तकनीकी उपायों की प्रभावशीलता की गहन समीक्षा करेगा।

  3. यह विशेषज्ञ समूह दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सहित एनसीआर में वायु प्रदूषण की एक बड़ी वजह बने डीजल जनरेटर (डीजी) सेट से निकलने वाले धुएं पर नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने विशेषज्ञ समूह का गठन किया है। यह समूह डीजी सेट से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए मौजूदा नियमों और तकनीकी उपायों की प्रभावशीलता की समीक्षा करेगा।

उपयोगिता और वास्तविक प्रदर्शन भी जांचेंगे

विशेषज्ञ समूह औद्योगिक, व्यावसायिक, आवासीय और कार्यालय परिसरों में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न क्षमता के जनरेटर सेट पर लागू उत्सर्जन मानकों की पर्याप्तता का आकलन करेगा। साथ ही, जनरेटर सेट में लगाए जाने वाले रेट्रोफिटेड एमिशन कंट्रोल डिवाइस (आरईसीडी) और ड्यूल फ्यूल किट (डीएफके) की उपयोगिता और वास्तविक प्रदर्शन की भी जांच की जाएगी।

नियमों के पालन से जुड़ी क्या समस्याएं आ रहीं?

समूह यह भी पता लगाएगा कि इन उपकरणों को लगाने और संचालित करने में तकनीकी, व्यावहारिक और नियमों के पालन से जुड़ी क्या समस्याएं आ रही हैं। मौजूदा व्यवस्था में कहां कमियां हैं और उन्हें दूर करने के लिए किन अतिरिक्त उपायों की जरूरत है, इस पर भी सिफारिशें की जाएंगी।

दो महीने में दे सकता है रिपोर्ट

सीएक्यूएम ने यह विशेषज्ञ समूह 18 नवंबर को जारी आदेश के तहत गठित किया है। इसकी अध्यक्षता सीएक्यूएम के सदस्य-तकनीकी डॉ. त्रिलोक सिंह पंवार करेंगे।

समूह में दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, आईआईटी दिल्ली, आईआईटी मुंबई, इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (आईसीएटी), ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एआरएआई) और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के विशेषज्ञ शामिल हैं।

समूह जरूरत के अनुसार अन्य विशेषज्ञों को भी शामिल कर सकेगा। इसे दो महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपने का लक्ष्य दिया गया है।

तकनीकों की व्यापक समीक्षा की जाएगी

गौरतलब है कि सीएक्यूएम ने सितंबर 2023 में दिशा-निर्देश संख्या 76 के जरिये एनसीआर में डीजी सेट के संचालन को नियंत्रित करने के लिए नियम जारी किए थे। इनमें फरवरी और दिसंबर 2024 में संशोधन भी किए गए थे। अब इन नियमों और प्रदूषण नियंत्रण के लिए इस्तेमाल हो रही तकनीकों की व्यापक समीक्षा की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के पुष्प विहार से AAP पार्षद अरुण नवारिया का चुनाव कोर्ट ने किया रद, BJP से उपविजेता नरेश विजयी घोषित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।