विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कनाडा से आई दुल्हन को देखते ही उड़े दूल्हे के होश...', साल भर के ऑनलाइन प्यार का दूतावास में अंत

Published: Sat, 14 Nov 2026 09:41 PM (GMT+05:30)

एक कनाडाई महिला डेटिंग एप पर एक साल की दोस्ती के बाद शादी की उम्मीद में भारत आई, लेकिन दिल्ली ...और पढ़ें

डेटिंग एप पर चले प्यार का कनाडा दूतावास में अंत हो गया। फोटो: एआई जनरेटेड

डेटिंग एप पर चले प्यार का कनाडा दूतावास में अंत हो गया। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. कनाडाई महिला भारत आई, शादी का वादा टूटा।

  2. युवक ने उम्र अधिक होने के कारण शादी से इनकार किया।

  3. मामला पुलिस और कनाडाई दूतावास तक पहुंचा।

विपिन कुमार, नई दिल्ली\नारनौल। डेटिंग एप पर एक साल तक चली दोस्ती, फिर प्यार और शादी के वादे की उम्मीद... कनाडा से हजारों किलोमीटर का सफर तय कर 61 वर्षीय महिला भारत पहुंच गई।

उसे लगा था कि अब ऑनलाइन शुरू हुए रिश्ते को शादी के बंधन में बदलने का समय आ गया है, लेकिन दिल्ली से करीब 100 किलोमीटर दूर राजस्थान के नीमराणा पहुंचने के बाद कहानी में ऐसा मोड़ आया कि मामला पुलिस और कनाडा दूतावास तक पहुंच गया।

आमने-सामने मुलाकात के दौरान महिला की उम्र का पता चलने पर पानीपत निवासी युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया और महिला ने कनाडा दूतावास से संपर्क कर दिया।

दूतावास की सूचना पर नीमराणा थाना पुलिस हरकत में आई और बीबी बिल्डर्स सोसायटी पहुंचकर दोनों को थाने ले आई। पुलिस ने युवक से पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की। फिलहाल महिला को कोटपूतली स्थित कोर सेंटर में रखा गया है।

डेटिंग के बाद बनी थी शादी की सहमति

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पानीपत निवासी नितिन की करीब एक साल पहले डेटिंग एप के माध्यम से कनाडा निवासी महिला से जान-पहचान हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होती थी।

धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं। इसके बाद दोनों ने शादी करने पर सहमति जताई। इसी भरोसे के साथ महिला टूरिस्ट वीजा पर 11 नवंबर को दिल्ली पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि नितिन खुद महिला को लेने दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा था। वहां से वह उसे अपने मौसा-मौसी के फ्लैट बीबी बिल्डर्स सोसायटी, नीमराणा लेकर आया। महिला करीब दो दिन तक युवक के साथ सोसायटी में रही।

इसी दौरान जब शादी की बात आगे बढ़ी और महिला की उम्र करीब 61 वर्ष होने की जानकारी सामने आई तो युवक ने विवाह करने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

दूतावास की सूचना पर पहुंची पुलिस

13 नवंबर को महिला ने कनाडा दूतावास से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद दूतावास की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नीमराणा थाना पुलिस सोसायटी पहुंची और दोनों को थाने ले आई।

पुलिस ने युवक से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। युवक पानीपत के एक निजी स्कूल में शिक्षक बताया जा रहा है। फिलहाल महिला को कोटपूतली स्थित कोर सेंटर में रखा गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

शादी से इनकार करना अपराध नहीं

कानूनी तौर पर किसी भी बालिग महिला या पुरुष को अपनी इच्छा से विवाह करने अथवा विवाह से इनकार करने का अधिकार है। केवल उम्र अधिक होने के आधार पर शादी से इनकार करना अपने आप में अपराध नहीं है।

हालांकि, यदि रिश्ते के नाम पर धोखाधड़ी, आर्थिक लेन-देन, धमकी या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की शिकायत सामने आती है तो पुलिस साक्ष्यों के आधार पर जांच कर सकती है। फिलहाल मामले में किसी आपराधिक आरोप या मुकदमे की पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- नारनौल में खुली पशु चिकित्सा व्यवस्था की पोल, 10 में से पांच पर लटका मिला ताला; कर्मचारी भी गैरहाजिर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।