'प्रेमिका, उसका पति और SI मेरी मौत के जिम्मेदार', दिल्ली में 10 मिनट का वीडियो बनाकर फंदे पर झूल गया गौरव
बुराड़ी के संत नगर में गौरव यादव नामक युवक ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले बनाए वीडियो में उसने ...और पढ़ें

10 मिनट का वीडियो बनाकर गौरव यादव ने की आत्महत्या। फोटो: वीडियो ग्रैब
HighLights
युवक गौरव यादव ने बुराड़ी में फंदे से लटककर आत्महत्या की
आत्महत्या से पहले 10 मिनट का वीडियो बनाकर आरोप लगाए
प्रेमिका, उसके पति और सब इंस्पेक्टर पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
मोहम्मद साकिब, नई दिल्ली। बुराड़ी के संत नगर इलाके में बुधवार शाम एक युवक ने किराये के मकान में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या से पहले उसने करीब 10 मिनट का वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका, उसके पति और एक सब इंस्पेक्टर पर टॉर्चर करने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया।
युवक ने वीडियो में कहा कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है और इससे परेशान होकर वह आत्महत्या कर रहा है। वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने इसे जांच में शामिल कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गौरव यादव के रूप में हुई है, जो एक निजी मोबाइल कंपनी में काम करता था और संत नगर में किराये के मकान में रहता था।
बताया जा रहा है कि वह ज्योति नाम की महिला के साथ रह रहा था। दोनों पहले से शादीशुदा बताए जा रहे हैं। बुधवार शाम करीब सात बजे गौरव ने वीडियो बनाया और उसके बाद इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
स्वजन के मुताबिक, वीडियो देखने के बाद उन्होंने गौरव से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद वे उसके किराये के मकान पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो गौरव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
स्वजन का आरोप है कि ज्योति का चरित्र ठीक नहीं है और वह शादीशुदा लोगों को जाल में फंसाकर इसी तरह से झूठे मामले में फंसाती है।
ब्लैकमेल कर मांगते थे पैसे
स्वजन का आरोप है कि ज्योति के पास गौरव के साथ आपत्तिजनक स्थिति के फोटो और वीडियो थे। मृतक ने वीडियो में भी यही आरोप लगाए है। उनके अनुसार इन्हीं को लेकर वह गौरव को ब्लैकमेल करके लगातार उससे उगाही कर रही थी।
स्वजन ने ज्योति के पति और महेंद्रा पार्क थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर मदन पर भी इस मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तीनों मिलकर गौरव पर झूठे मुकदमे में फंसाने का दबाव बना रहे थे।
वीडियो से छेड़छाड़ की भी जांच
उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि फिलहाल मामले में बीएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई है। युवक का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है और उसकी जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ तो नहीं की गई। स्वजन की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान युवतियों से बदसलूकी पर NHRC सख्त, दिल्ली पुलिस से मांगी रिपोर्ट
