विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान युवतियों से बदसलूकी पर NHRC सख्त, दिल्ली पुलिस से मांगी रिपोर्ट

Published: Thu, 08 Oct 2026 09:52 PM (GMT+05:30)

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान तीन युवतियों से बदसलूकी और यौन उत्पीड़न के आरोपों पर दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस भेजा है।

प्रदर्शन के दौरान युवतियों से बदसलूकी पर एक्शन। फोटो: आर्काइव

प्रदर्शन के दौरान युवतियों से बदसलूकी पर एक्शन। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान युवतियों से बदसलूकी का आरोप

  2. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी किया

  3. आयोग ने दो सप्ताह में मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। तीन अक्टूबर को जंतर-मंतर पर एसआईआर के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान तीन युवतियों से बदसलूकी और यौन उत्पीड़न के आरोप मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी किया है।

आयोग ने मीडिया में प्रकाशित खबरों का स्वत: संज्ञान लेते हुए दो सप्ताह के भीतर मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

एनएचआरसी ने पुलिस आयुक्त को भेजा नोटिस

एनएचआरसी ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट में लगाए गए आरोप यदि सही पाए जाते हैं तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है।

आयोग के अनुसार, उसे पांच अक्टूबर को प्रकाशित खबरों से जानकारी मिली कि प्रदर्शन के दौरान एसीपी समेत तीन पुलिसकर्मियों पर तीन युवतियों के साथ उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं।

क्राइम ब्रांच कर रही मामले की जांच

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस संबंध में नई दिल्ली जिला पुलिस को शिकायतें मिली थीं। बाद में मामले की जांच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।

एनएचआरसी ने पुलिस आयुक्त से जांच की स्थिति, शिकायतों पर की गई कार्रवाई और अन्य संबंधित तथ्यों की जानकारी मांगी है।

यह भी पढ़ें- CJP प्रदर्शन के दौरान हिंसा पर एक्शन, दिल्ली पुलिस ने 2874 लोगों पर की FIR; 118 पुलिसकर्मी हुए थे जख्मी