विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BRICS Summit से पहले नई दिल्ली का भव्य मेकओवर, 15000 गमलों और रोशनी से सजेगी राजधानी

Published: Fri, 04 Sep 2026 05:25 PM (GMT+05:30)

ब्रिक्स सम्मेलन के लिए नई दिल्ली की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिसमें राजधानी को विदेशी मेहमानों के लिए सजाया जा रहा है। एनडीएमसी सड़कों, गोलचक्करों और होटलों को 15 हजार गमलों, रोशनी और फूलों से सजाकर नागरिक सुविधाओं पर भी ध्यान दे रही है।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. राजधानी 15 हजार गमलों और रोशनी से विदेशी मेहमानों के लिए सजी।

  2. नागरिक सुविधाओं, जलभराव पर एनडीएमसी का विशेष ध्यान।

  3. शिकायतों के लिए 24 घंटे कंट्रोल सेंटर, मिस्ट स्प्रे की व्यवस्था।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। ब्रिक्स सम्मेलन में आने वाले विदेशी मेहमानों को नई दिल्ली की खूबसूरती आकर्षित करेगी। 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने राजधानी को सजाने-संवारने की तैयारियां अब आखिरी चरण में पहुंच गई है।

सम्मेलन से पहले प्रमुख मार्गों, गोलचक्करों, होटल परिसरों और बाजारों को सजाने का कार्य शुरू हो गया है। गोल चक्करों से लेकर प्रमुख मार्गों पर 15 हजार सजावटी गमले सम्मेलन से दो दिन पूर्व रखें जाएंगे। जबकि चोराहों और गोलचक्करों पर लगे फ्लोवर बोर्ड, फूलों के फव्वारे भी मेहमानों का स्वागत करेंगे।

नागरिक सुविधा पर भी रहेगी खास नजर

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने बताया कि सजावट के साथ नागरिक सुविधाओं और जलभराव से निपटने की व्यवस्था पर भी विशेष नजर रहेगी। सम्मेलन के दौरान ‘विकसित भारत की विकसित नई दिल्ली’ की झलक देखने को मिलेगी।

उन्होंने बताया कि एनडीएमसी 17 प्रमुख गोलचक्करों को सजावटी रोशनी से सजाएगी। इनमें पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, तीन मूर्ति, शांतिपथ, आरएमएल और पीएम गोलचक्कर समेत अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं।

इसके अलावा ब्रिक्स प्रतिनिधियों के ठहरने वाले 11 प्रमुख होटल परिसरों और आसपास के पेड़ों पर भी सजावटी रोशनी की जाएगी।

एनडीएमसी की 10 प्रमुख इमारतें और स्थल भी रोशनी से जगमगाएंगे। पालिका केंद्र, एनडीसीसी फेज-दो, कन्वेंशन सेंटर, चंद्रलोक बिल्डिंग, चरखा संग्रहालय और सेंट्रल पार्क समेत अन्य स्थानों पर लाइटिंग की जाएगी। इन कार्यों को नौ सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

राजधानी में हरियाली और फूलों की सजावट भी आकर्षण का केंद्र होगी। 15 प्रमुख स्थानों पर पुष्प-सज्जित बोर्ड, नौ स्थानों पर फूलों के फव्वारे और 15 हजार से अधिक गमले लगाए जाएंगे। इन्हें प्रमुख मार्गों, चौराहों और महत्वपूर्ण स्थलों पर प्रदर्शित किया जाएगा।

सम्मेलन से जुड़े 41 प्रमुख मार्गों की सर्किलवार निगरानी भी की जा रही है। 32 सड़कों पर पेंटिंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि नौ सड़कों पर काम जारी है।

शिकायतों के लिए कंट्रोल सेंटर

चहल के अनुसार ब्रिक्स की थीम के अनुरूप सड़क किनारे लगे करीब 350 बिजली पैनल बाक्सों का भी फेसलिफ्ट किया गया है। इसके अलावा 309 ब्रांडिंग साइट्स पर काम पूरा हो चुका है। इनमें 154 डिजिटल मीडिया स्क्रीन, 83 पीटीयू/सीटीयू फ्लेक्स साइट्स और 72 बस क्यू शेल्टर शामिल हैं।

एनडीएमसी उपाध्यक्ष ने बताया कि सम्मेलन के दौरान नागरिक शिकायतों की निगरानी के लिए पालिका केंद्र स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पांच से 14 सितंबर तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। इस दौरान शिकायतों के समाधान के लिए विशेष नंबर जारी किए गए हैं।

लोग कंट्रोल रूम के नंबर 011-23348300, 011-23348301, एक्सटेंशन 2276, 3647 एवं 2035 तथा टोल-फ्री नंबर 1533 पर शिकायत कर सकतें हैं। जिनका त्वरित समाधान होगा । इसके लिए तीन शिफ्ट में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती होगी।

पांच प्रमुख स्थानों पर विशेष मिस्ट स्प्रे

एनडीएमसी उपाध्यक्ष के अनुसार वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने और धूल एवं प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पांच प्रमुख स्थानों पर विशेष मिस्ट स्प्रे की व्यवस्था की गई है। इनमें लोधी रोड, तिलक मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, शांतिपथ और जाकिर हुसैन मार्ग शामिल हैं।

इन स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार मिस्ट स्प्रे की नियमित व्यवस्था की जाएगी। ताकि वायु गुणवत्ता सूंचकाक ठीक रहे।

यह भी पढ़ें- भारत में ब्रिक्स सम्मेलन का मंच: दिल्ली में जुटेंगे दुनियाभर के दिग्गज, UN महासचिव गुटेरेस भी लेंगे हिस्सा

यह भी पढ़ें- 100 से ज्यादा सुखोई का अपग्रेड और 5वीं पीढ़ी के जेट... ब्रिक्स समिट में भारत को तोहफा देंगे पुतिन?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।