विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानसिक बीमारी से जुड़े भ्रम तोड़ने को आगे आए BRICS देश, दिल्ली एम्स सम्मेलन में विशेषज्ञों ने दिए सुझाव

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:50 PM (IST)

दिल्ली एम्स में आयोजित 11वें टुगेदर अगेंस्ट स्टिग्मा सम्मेलन में युवाओं की भागीदारी, स्कूलों में शुरुआती पहचान और समुदाय आधारित सहायता पर बल दिया गया।

टुगेदर अगेंस्ट स्टिग्मा सम्मेलन। फोटो-जागरण

टुगेदर अगेंस्ट स्टिग्मा सम्मेलन। फोटो-जागरण

HighLights

  1. मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर।

  2. स्कूलों में बच्चों की मानसिक समस्याओं की शुरुआती पहचान।

  3. युवाओं की भागीदारी से मानसिक स्वास्थ्य नीतियां बनाना।

अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। मानसिक परेशानी से जूझ रहे बच्चों और किशोरों के सामने कई बार बीमारी से बड़ी चुनौती समाज का डर, भेदभाव और लोगों की गलत धारणाएं होती हैं। परिवार में मानसिक परेशानी की बात छिपाना, बच्चों की भावनाओं को नजरअंदाज करना और उन्हें कमजोर समझना समय पर उपचार मिलने में बाधा बनता है।

मानसिक बीमारी से जुड़ी इस भावना को खत्म करने और बच्चों-किशोरों के लिए मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ बनाने के लिए ब्रिक्स देशों ने साझा प्रयासों पर जोर दिया है।

एम्स में आयोजित 11वां टुगेदर अगेंस्ट स्टिग्मा सम्मेलन

एम्स में आयोजित 11वें टुगेदर अगेंस्ट स्टिग्मा सम्मेलन के अंतिम दिन भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, कजाखस्तान और मलेशिया के विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य नीतियों में युवाओं की भागीदारी, स्कूलों में शुरुआती पहचान और समुदाय स्तर पर सहायता व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी नीतियां बनाते समय युवाओं और मानसिक परेशानी से उबर चुके लोगों की राय को भी महत्व दिया जाना चाहिए। इसके लिए 'नथिंग अबाउट अस विदआउट अस' यानी हमारे बारे में कोई निर्णय हमारी भागीदारी के बिना नहीं, के सिद्धांत पर जोर दिया गया।

युवा अपने अनुभव साझा कर परिवार, स्कूल और समाज में मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बातचीत का माहौल बनाने के साथ भेदभावपूर्ण सोच बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

आरंभिक लक्षण पहचानने पर जोर

विशेषज्ञों ने स्कूलों को बच्चों में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शुरुआती पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। ब्राजील का उदाहरण देते हुए बताया गया कि वहां स्कूलों को जोड़ा जा रहा है और शिक्षकों को विद्यार्थियों में मनोवैज्ञानिक तनाव के लक्षण पहचानने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ताकि परेशानी सामने आने पर बच्चों को समय पर सहायता मिल सके।

जागरूकता अभियान पर भी जोर

सम्मेलन में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी भेदभावपूर्ण कानूनों और व्यवस्थाओं की समीक्षा, समुदाय आधारित उपचार तथा शोध के आधार पर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

द जार्ज इंस्टीट्यूट फार ग्लोबल हेल्थ इंडिया के अध्ययनों के हवाले से बताया गया कि शहरी झुग्गी बस्तियों के किशोरों और आदिवासी समुदायों के अनुरूप चलाए गए जागरूकता अभियानों से मानसिक बीमारी से पीड़ित लोगों के प्रति नजरिया बेहतर हुआ।

निमहंस के निदेशक डा. वाईसी जनार्दन रेड्डी ने बताया कि ब्रिक्स नेटवर्क आफ सेंटर्स आफ एक्सीलेंस में निमहंस समन्वयक की भूमिका निभा रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान, यमुना क्रूज के बाद लाइट एंड साउंड शो का आगाज; CM रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।