दो माह से सीवर जाम से जूझ रही पूर्वी दिल्ली की ब्रह्मपुरी, गलियों में जलभराव और गंदे पानी से बीमारियों का खतरा
पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी में दो माह से सीवर ओवरफ्लो की गंभीर समस्या है, जिससे गली नंबर 13 सहित कई ...और पढ़ें

ब्रह्मपुरी में इन हालातों में रहने को मजबूर हैं लोग। जागरण
HighLights
ब्रह्मपुरी में दो माह से सीवर ओवरफ्लो की गंभीर समस्या
गंदे पानी से सड़कें भरीं, लोगों का निकलना मुश्किल, चोटिल हो रहे
नलों में दूषित पानी आने से बीमारियों का खतरा बढ़ा
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके में इन दिनों सीवर ओवरफ्लो की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। सबसे ज्यादा परेशानी गली नंबर 13 की 10 बी ब्लाक में देखने को मिल रही है, जहां हजारों लोग गंदे पानी से जूझ रहे हैं।
पूरी गली में सीवर का पानी भर जाने से लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह समस्या करीब दो माह से बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा 11बी और 12 नंबर इलाकों में भी सीवर जाम है, जिससे लगातार गंदा पानी रिस रहा है।
गिरकर चोटिल हो रहे लोग
सीवर ओवरफ्लो के कारण लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। ड्यूटी या स्कूल जाने के लिए भी लोगों को रिक्शा का सहारा लेना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि कई जगह पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है।
गंदे पानी के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। स्थानीय निवासी सपना ने बताया कि हाल ही में वह बाजार जाते समय सड़क पर भरे गंदे पानी के कारण गड्ढा नहीं देख पाईं और गिरकर चोटिल हो गईं।
नलों में आ रहा दूषित पानी
सीवर ओवरफ्लो की समस्या के बीच नलों में भी दूषित पानी आने लगा है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पानी से बदबू आ रही है और उसका रंग भी साफ नहीं है, जिससे उसे पीना तो दूर, घरेलू उपयोग में लेना भी मुश्किल हो गया है। लोगों को मजबूरन बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है या फिर उबालकर इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
पिछले दो माह से सीवर जाम से काफी परेशानी आ रही है। घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार जन प्रतिनिधियों व जल बोर्ड के अधिकारियों को शिकायत दी है परंतु समस्या का समाधान नही हुआ है।
-सरोज कुमारी।
लोगों को जो मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए वह नही मिल रही है। दूषित पानी पीने व दूषित इलाके में रहने से बीमारियों का भी खतरा बढ़ने लगा है। वर्षा आने के बाद यह समस्या दोगुनी हो गई है।
-शोभा गोयल।
पिछले दो महीने से यह समस्या इसी तरह से बनी हुई है लोगों के घरों में गंदा पानी बैक मार रहा है जिसकी वजह से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है लोग बीमार हो रहे हैं। गंदे बदबूदार पानी की सप्लाई से लोगों को इन्फेक्शन संक्रमण हो रहा है दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार फेल हो गई है।
-राजीव शर्मा।
17 नंबर गली में सीवर की एक पाइप लाइन बैठ गई है जिसके चलते अन्य गलियों में सीवर जाम की समस्या बनी हुई है। मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। जल बोर्ड के अधिकारी को समस्या का समाधान के लिए बोल दिया है। दो दिनों में सीवर जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
-अनिल गौड़, पार्षद।
यहां भी है समस्याएं
कृष्णा नगर के जितार नगर बी ब्लाक में गली नंबर 18, 19 और 20 में सीवर जाम के कारण गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा ने बताया कि लाख प्रयासों के बाद भी यह समस्या हल नही हो रही है। बदबू के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। इसी तरह से शकरपुर, मयूर विहार, लक्ष्मी नगर में सीवर जाम से काफी परेशानी है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के पांडव नगर में चाकू दिखाकर लूट करने वाले चार नाबालिग बदमाश गिरफ्तार, मोबाइल फोन बरामद



