छठ और सिंदूर पर कॉमेडियन यश माहेश्वरी के भद्दे कमेंट से भड़की भाजपा, दिल्ली पुलिस में पहुंची शिकायत
भाजपा पूर्वांचल मोर्चा ने कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ छठ पूजा और सिंदूर पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मोर्चा ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

छठ पूजा और सिंदूर को लेकर काॅमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर गहराया विवाद।
HighLights
भाजपा पूर्वांचल मोर्चा ने कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
छठ पूजा और सिंदूर पर आपत्तिजनक टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में अपमान पर कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। छठ पूजा और सिंदूर को लेकर काॅमेडियन यश माहेश्वरी द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर भाजपा ने नाराजगी जताई है। दिल्ली प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा ने पुलिस से शिकायत की है। मोर्चा के नेताओं ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष ओझा ने कहा कि मनोरंजन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर करोड़ों महिलाओं की धार्मिक आस्था, सामाजिक सम्मान और सांस्कृतिक परंपराओं को अपमानित करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती।
भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का अपमान
उन्होंने मोर्चा के प्रभारी विपिन बिहारी सिंह और सह प्रभारी ब्रजेश राय के साथ मध्य दिल्ली के डीसीपी रोहित राजवीर सिंह से मिलकर लिखित शिकायत की। कहा कि छठ महापर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि बिहार और पूरे पूर्वांचल की आस्था, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है।
छठ महापर्व में महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली के लिए कठिन व्रत रखती हैं। उनके विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी किसी एक समाज या क्षेत्र का नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का अपमान है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की भी है एक मर्यादा
उन्होंने कहा कि कुछ लोग इंटरनेट मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता और कुछ व्यूज हासिल करने के लिए धार्मिक परंपराओं, देवी-देवताओं और महिलाओं के सम्मान को निशाना बनाते हैं।
ऐसे लोगों को समझना होगा कि भारत की सांस्कृतिक आस्था कोई मनोरंजन का विषय नहीं है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की भी एक मर्यादा होती है और उस मर्यादा का उल्लंघन करने वालों को कानून के दायरे में जवाब देना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।