बिजवासन में बच्चों के लिए खतरा बना खुला बोरवेल, जर्जर ट्यूबवेल भवन भी दे रहा हादसे को न्योता
पश्चिमी दिल्ली के बिजवासन गांव में सिंचाई विभाग का एक पुराना और जर्जर ट्यूबवेल भवन व खुला बोरवेल स्थानीय निवासियों, ...और पढ़ें

टयूबवेल जिसका मुंह है खुला। जागरण
HighLights
बिजवासन में पुराना ट्यूबवेल भवन और खुला बोरवेल खतरनाक।
स्थानीय निवासियों, बच्चों के लिए गंभीर सुरक्षा खतरा बना हुआ।
पूर्व उप-महापौर ने तत्काल कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। बिजवासन गांव में स्थित सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का एक पुराना ट्यूबवेल भवन और उसका खुला ट्यूबवेल स्थानीय निवासियों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 1975 के आसपास किसानों की सिंचाई व्यवस्था के लिए बनाया गया यह ट्यूबवेल पिछले कई वर्षों से अनुपयोगी पड़ा है और अब पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। भवन की दीवारें टूट चुकी हैं और इसका ढांचा कभी भी ढह सकता है।
बनी रहती है हादसे की आशंका
सबसे चिंताजनक बात यह है कि परिसर के भीतर बना बोरवेल पूरी तरह खुला पड़ा है। आसपास बच्चों का खेलना और लोगों की लगातार आवाजाही बनी रहती है, जिससे किसी बच्चे या व्यक्ति के इसमें गिरने और अप्रिय घटना घटने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए दक्षिण दिल्ली नगर निगम के पूर्व उप-महापौर प्रवीण राणा ने सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया है।

प्रवीण राणा ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि किसी भी हादसे का इंतजार किए बिना खुले बोरवेल को तुरंत मजबूत ढक्कन लगाकर सुरक्षित ढंग से बंद व सील किया जाए। इसके साथ ही जर्जर पड़े भवन एवं टयूबवेल का निरीक्षण कर उन्हें ध्वस्त कर स्थल को समतल बनाया जाए।
उन्होंने यह सुझाव भी दिया है कि इस स्थान को दिल्ली जल बोर्ड को हस्तांतरित कर दिया जाए, ताकि भविष्य में इसका उपयोग बिजवासन की वाल्मीकि कालोनी के निवासियों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए किया जा सके।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस मामले में सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के संबंधित डिविजन के अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में आया है। इसे शनिवार को बंद करा दिया जाएगा। अभी तक क्यों नहीं किया गया, इस पर अधिकारी ने कहा कि डिविजन में उनकी तैनाती नई है, उन्हें जानकारी नहीं थी।
