विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के 43.32 लाख वोटरों को राहत, नाम जुड़वाने का एक और मौका; ऑनलाइन भी भर सकेंगे एन्युमरेशन फॉर्म

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:36 PM (IST)

दिल्ली में मसौदा मतदाता सूची से हटाए गए 43.32 लाख मतदाताओं को अपना नाम दोबारा शामिल कराने का एक और ...और पढ़ें

दिल्ली वोटर लिस्ट से कटा नाम जुड़वाने का एक और मौका मिला। फोटो: आर्काइव

दिल्ली वोटर लिस्ट से कटा नाम जुड़वाने का एक और मौका मिला। फोटो: आर्काइव

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की मतदाता सूची के मसौदे से बाहर हुए 43.32 लाख मतदाताओं को अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल कराने का एक और मौका दिया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने ऐसे मतदाताओं के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत मंगलवार से छूटे हुए मतदाताओं को एन्युमरेशन फार्म बांटने और भरे हुए फार्म जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

फार्म जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर है, जबकि निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार इनका निस्तारण 10 दिसंबर तक किया जाएगा।

43.32 लाख मतदाताओं को मिला एक और मौका

सीईओ कार्यालय के मुताबिक, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान 30 जून से 17 अगस्त तक एन्युमरेशन फार्म बांटे गए थे। इसके बावजूद जिन मतदाताओं के नाम 31 अगस्त को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके, उन्हें दोबारा अवसर दिया जा रहा है।

ऐसे मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और एक से अधिक जगह पंजीकृत (एएसडीडी) श्रेणी में रखा गया था। दिल्ली में पुनरीक्षण से पहले करीब 1.45 करोड़ मतदाता थे। मसौदा सूची में 47.5 लाख नाम हटाए गए थे।

इनमें 43.32 लाख मतदाताओं को स्थानांतरित, 2.82 लाख को मृत और 1.45 लाख को एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत बताया गया था। अब इनमें से छूटे हुए मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत दोबारा एन्युमरेशन फार्म जमा कर सकेंगे।

एक ही पते पर रहने वालों को देना होगा कारण

जिन मतदाताओं का नाम स्थानांतरित होने के आधार पर काटा गया है, लेकिन वे अब भी उसी पते पर रह रहे हैं, उन्हें भरे हुए एन्युमरेशन फार्म के साथ परिशिष्ट-बी देना होगा। इसमें यह बताना होगा कि वे पहले एन्युमरेशन फार्म क्यों जमा नहीं कर पाए थे।

वहीं, दिल्ली के भीतर ही घर बदलने वाले मतदाताओं को एन्युमरेशन फार्म के साथ परिशिष्ट-सी भरना होगा। इसमें नया पता और विधानसभा क्षेत्र बताना होगा। ऐसे मतदाताओं को अलग से फार्म-8 भरने की जरूरत नहीं होगी।

उन्हें नए पते के प्रमाण के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) या सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) के पास फार्म जमा करना होगा। नए क्षेत्र के बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) से भी सहायता ली जा सकती है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन जमा कर सकेंगे फार्म

मतदाता भरे हुए फार्म संबंधित बीएलओ, ईआरओ या एईआरओ को दे सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी फार्म जमा करने की सुविधा है।

खाली एन्युमरेशन फार्म और उसके परिशिष्ट निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या ईसीआईनेट ऐप से पुराने ईपीआईसी नंबर के जरिए डाउनलोड किए जा सकते हैं।

ये फार्म बीएलओ से भी मिलेंगे। सीईओ कार्यालय के अनुसार, इन्हें वाट्सएप, एसएमएस और ई-मेल के जरिए भी उपलब्ध कराया जा सकता है।

फार्म-6 भरने वालों को दोबारा आवेदन नहीं

जिन मतदाताओं ने पहले ही अंतिम मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा एन्युमरेशन फार्म भरने की जरूरत नहीं है। उनके फार्म-6 पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई होगी।

वहीं, ऐसे बेघर लोगों के मामले में जिनके पास कोई दस्तावेज नहीं है, बीएलओ की क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट को निवास प्रमाण के रूप में मान्य किया जाएगा।

दोबारा शामिल किए जाने वाले मतदाताओं को एसआईआर से पहले वाला ही ईपीआईसी नंबर दिया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होनी है।

यह भी पढ़ें- 'ज्ञानेश कुमार पर लगे आरोपों की जांच के लिए चाहिए और वक्त', दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से क्यों मांगी मोहलत? 

यह भी पढ़ें- दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी राहत, अब WhatsApp पर दर्ज करा सकेंगी शिकायत; DCW ने जारी किया नंबर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।