नए लुक में नजर आएगी भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस, कोच पर दिखेगी कोणार्क सूर्य मंदिर और भगवान जगन्नाथ की झलक
भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस अब ओडिशा की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेगी। इसके कोचों पर कोणार्क सूर्य मंदिर, भगवान जगन्नाथ मंदिर और जनजातीय कला की तस्वीरें लगाई जाएंगी।

भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
तेजस राजधानी एक्सप्रेस में दिखेगी ओडिशा की कला-संस्कृति।
कोच पर कोणार्क मंदिर, जगन्नाथ मंदिर की तस्वीरें होंगी।
भारतीय कला संस्कृति के प्रचार का यह नया प्रयास है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। ट्रेन के माध्यम से भारतीय कला संस्कृति का भी प्रचार करने की तैयारी है। इसी कड़ी में भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस में अब ओडिशा की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक मिलेगी।
इसके कोच के बाहरी हिस्से पर कोणार्क सूर्य मंदिर, भगवान जगन्नाथ मंदिर और जनजातीय कला से संबंधित तस्वीर लगाई जाएगी।
भारतीय रेलवे खानपान पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) द्वारा द्वारा चलाई जाने वाली पर्यटन विशेष ट्रेनों के बाहरी हिस्से को उससे संबंधित तस्वीरों से सजाया जाता है।
इसी तरह से रेलवे की नियमित ट्रेनों को भी सजाने की तैयारी है। इसकी शुरुआत भुवनेश्वर तेजस राजधानी से की जा रही है। पीले-केसरिया रंग के इसके कोच के प्रमुख हिस्से पर कोणार्क सूर्य मंदिर, भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों को भी दर्शाया जाएगा।
देखने को मिलेगी कलाकृति
इसी तरह से कोच पर जनजातीय कलाकृति भी देखने को मिलेगी। इसी तरह से ओडिशा से संबंधित अन्य कला कृति की भी झलक मिलेगी। इससे पहले 2018 में बिहार संपर्क क्रांति के कुछ कोच को मधुबनी पेंटिंग से सजाया गया था।
अधिकारियों का कहना है कि नए भुवनेश्वर तेजस को सजाने का काम चल रहा है। शीघ्र ही यह नए रूपरंग में दिखेगी। आने वाले समय कुछ अन्य ट्रेनों को भी इस तरह से सजाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- नई दिल्ली-भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस को मिला नया स्टॉपेज, टाटानगर-बक्सर ट्रेन पर भी आया अपडेट