रोहिणी में पार्टी के दौरान गोली लगने से बीबीए छात्र की मौत, अवैध हथियार से गलती से हो गई फायरिंग
रोहिणी के जैन नगर में एक पार्टी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से 21 वर्षीय बीबीए छात्र राजा ...और पढ़ें

पार्टी में संदिग्ध हालात में गोली चली, बीबीए छात्र की मौत।
HighLights
रोहिणी में पार्टी के दौरान 21 वर्षीय छात्र की मौत।
मृतक की अपनी अवैध पिस्तौल से गलती से चली गोली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, फोरेंसिक टीम मौके पर।
संवाद सहयोगी, बाहरी दिल्ली। रोहिणी के बेगमपुर थाना क्षेत्र के जैन नगर में पार्टी के दौरान संदिग्ध हालात में गोली चलने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार मृतक का था और प्रथम दृष्टया गलती से हुई फायरिंग का मामला लग रहा है। मृतक बीबीए कोर्स का छात्र बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात जैन नगर के एक घर में पार्टी चल रही थी। पार्टी में कुछ लोग मौजूद थे। इसी बीच अचानक गोली चली और युवक के पेट में जा लगी। गोली चलने से पार्टी में अफरातफरी मच गई। छात्र को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान घायल छात्र को मृत घोषित कर दिया गया।
फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया
मृतक की पहचान 21 वर्षीय राजा के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। विभिन्न सबूतों को एकत्र कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक अपने अवैध हथियार के साथ पार्टी में बैठा था। इसी दौरान मृतक से ही गलती से गोली चली। मृतक ने हाल ही में बीबीए में दाखिला लिया था और साथ में नौकरी भी कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
