दिल्ली के बवाना में निर्माणाधीन फैक्ट्री का लेंटर गिरा, चार श्रमिक घायल
दिल्ली के बवाना में एक निर्माणाधीन फैक्ट्री का लेंटर गिरने से चार मजदूर घायल हो गए, जिनमें से दो की ...और पढ़ें
HighLights
बवाना में निर्माणाधीन फैक्ट्री का लेंटर गिरने से हादसा
हादसे में चार मजदूर घायल, दो की हालत गंभीर
पुलिस और दमकल कर्मियों ने चलाया बचाव अभियान
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बवाना में सोमवार दोपहर निर्माणाधीन फैक्ट्री के बेसमेंट का लेंटर व सेटरिंग गिरने से चार मजदूर घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस व दमकल कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य आरंभ किया। मलबे में दबे आधा दर्जन मजदूरों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
सेटरिंग व स्ट्रक्चर गिरने से हुआ हादसा
बवाना डीएसआइडीसी सेक्टर-2 में निर्माणाधीन इमारत में बेसमेंट लेवल पर लेंटर बिछाया जा रहा था। इस दौरान सेटरिंग व स्ट्रक्चर अचानक गिर गया और कई श्रमिक दब गए। स्थानीय पुलिस, दमकल और कैट एंबुलेंस मौके पर पहुंची और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि दो घायल मजदूरों को बवाना के सिद्धार्थ अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था। इस अस्पताल में मोहम्मद समीद (40) निवासी बवाना जेजे कालोनी और गोविंद (30) निवासी बवाना की विजय नगर कालोनी उपचाराधीन मिले।
पूठ स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में प्रमोद (25) नामक मजदूर को भर्ती कराया गया। प्रमोद नरेला के स्वतंत्र नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 290 और 125 (ए) के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
8-10 मजदूर कर रहे थे काम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निर्माणाधीन फैक्ट्री बेसमेंट की छत के लिए लेंटर डालने काम मध्याह्न 12 बजे आरंभ हुआ। 8-10 मजदूर काम कर रहे थे।
कुछ समय बाद बंद हो गया, इसलिए कई मजदूर खाने-पीने के लिए आसपास चले गए। चार मजदूर साइट पर उपस्थित थे, तभी अचानक सेटरिंग व लेंटर भरभकर गिर गया।
जीशान नामक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मलबे में चार मजदूर दब गए थे, एक को उन्होंने बाहर निकाला। हादसे में घायल प्रमोद के रिश्तेदार सुनील ने बताया कि प्रमोद के जांघ में चोट आई है। प्रमोद मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नोमा गांव के रहने वाले हैं।
