'BJP ने अपने गुर्गे से दिलवाई अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को धमकी', दिल्ली में AAP सांसद का बड़ा आरोप
आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को मिली जान से मारने की धमकी के मामले में भाजपा ...और पढ़ें

अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को मिली धमकी। फोटो: आर्काइव
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा है।
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने गुर्गे के जरिए केजरीवाल को धमकी भरी कॉल करवाई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पंजाब को बदनाम करने के लिए चुनाव से पहले ऐसी हरकतें कर रही है।
संजय सिंह ने कहा कि जब केजरीवाल भाजपा के आका से नहीं डरे तो ऐसी धमकियों से क्या डरेंगे?
भाजपा पर धमकी भरी कॉल कराने का आरोप
वहीं, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने राजधानी में गैंगस्टर गतिविधियों और कारोबारियों से फिरौती मांगने की घटनाओं को लेकर सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में गैंगस्टरों से धमकियां मिलना और फिरौती मांगना आम बात हो गई है। ज्यादातर कारोबारी पुलिस से शिकायत करने से भी बचते हैं, क्योंकि उन्हें कार्रवाई की उम्मीद नहीं रहती।
कारोबारियों को फिरौती देने पर मजबूर होना पड़ रहा
भारद्वाज ने दावा किया कि कुछ कारोबारी पुलिस में शिकायत करने के बावजूद फिरौती देने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह चिंताजनक है कि अब दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और उनकी बेटी को भी जान से मारने की धमकी मिल रही है।
आप नेताओं ने इस मामले को राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति से जोड़ते हुए गैंगस्टरों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के लिए गोहाना से 'मातूराम की जलेबी' लेकर दिल्ली पहुंचे किसान संजय, देखें खास मुलाकात की तस्वीरें