पुलिस कार्रवाई के बीच अंकिता की मां बेहोश, अब अस्पताल में भर्ती
अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिल्ली पुलिस ने राजघाट पर न्याय की मांग को लेकर किए गए मौन प्रदर्शन के ...और पढ़ें

अंकिता भंडारी के माता-पिता हिरासत में ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
अंकिता भंडारी के माता-पिता राजघाट पर न्याय हेतु प्रदर्शन कर रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने उन्हें मौन धरने से हटाकर हिरासत में लिया।
विरोध के दौरान अंकिता की मां सोनी देवी की तबीयत बिगड़ी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर दिल्ली पहुंचे उसके माता-पिता को बुधवार शाम राजघाट पर पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
महात्मा गांधी की समाधि के सामने मौन व्रत रखकर विरोध जता रहे अंकिता के माता-पिता और सामाजिक कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने वहां से हटा दिया। इस दौरान उन्हें हिरासत में भी लिया गया।
कार्रवाई के बीच बिगड़ी अंकिता की मां की तबीयत
पुलिस की कार्रवाई के बीच अंकिता की मां सोनी देवी की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। उन्हें उपचार के लिए बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी, मां सोनी देवी और सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना बुधवार शाम राजघाट पहुंचे थे। यहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि के सामने मौन धरना शुरू किया।
उनका उद्देश्य अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और मामले से जुड़े आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सरकार और संबंधित एजेंसियों का ध्यान आकर्षित करना था।
जब पुलिस ने जबरन हटाना शुरू किया
शाम को पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को राजघाट से हटने के लिए कहा। हालांकि, उन्होंने वहां से जाने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन हटाना शुरू कर दिया और गाड़ियों में बैठाकर अपने साथ ले गए।
इसी दौरान सोनी देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल पुलिस वाहन से बुराड़ी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं, वीरेंद्र भंडारी और अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया।
मध्य जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजघाट राष्ट्रीय समाधि स्थल है और यहां धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। प्रदर्शनकारियों को निर्धारित नियमों का हवाला देते हुए वहां से हटने के लिए कहा गया था। उनके नहीं मानने पर पुलिस ने उन्हें वहां से हटाया।