विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटे की चाहत में बना 'किडनैपर', दिल्ली से अगवा किया 8 माह का बच्चा; पुलिस ने 24 घंटे में अलीगढ़ से किया बरामद

By Saurabh PandeyEdited By: Kapil Kumar
Published: Sun, 22 Nov 2026 12:34 PM (GMT+05:30)

अलीगढ़ के एक दंपती ने बेटा पाने की चाहत में दिल्ली के पांडव नगर से आठ माह के बच्चे का अपहरण कराया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बच्चे को अलीगढ़ से सकुशल बरामद कर दंपती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

दिल्ली पुलिस द्वारा सुरक्षित बरामद किया गया बच्चा। जागरण

दिल्ली पुलिस द्वारा सुरक्षित बरामद किया गया बच्चा। जागरण

HighLights

  1. अलीगढ़ दंपती ने बेटा पाने को बच्चे का अपहरण कराया।

  2. दिल्ली के पांडव नगर से आठ माह का बच्चा अगवा।

  3. पुलिस ने 24 घंटे में बच्चे को अलीगढ़ से बचाया।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। तीन बेटियां थीं, लेकिन परिवार का वंश आगे बढ़ाने और बुढ़ापे में सहारा बनने के लिए बेटा चाहिए था।

अपनी यह चाहत पूरी करने के लिए उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी एक दंपती ने आठ माह के बच्चे को अगवा कराने की साजिश रच डाली।

मंडावली थाना पुलिस ने पांडव नगर से अगवा किए गए बच्चे को 24 घंटे के भीतर अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव से सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मथुरा निवासी ऋषिपाल, अलीगढ़ के वाजिदपुर निवासी छत्रु और उसकी पत्नी कुसमा के रूप में हुई है।

1 साल पहले बनाया था प्लान

पुलिस के अनुसार, कुसमा और छत्रु की तीन बेटियां हैं। उन्हें परिवार का वंश आगे बढ़ाने के लिए बेटा चाहिए था। इसके लिए दोनों ने करीब एक साल पहले ही बच्चे को हासिल करने का प्लान बना लिया था।

आरोप है कि दंपती ने अपने दूर के रिश्तेदार ऋषिपाल की मदद से बच्चे को अगवा कराने की साजिश रची। ऋषिपाल मथुरा के सिकंदरपुर का रहने वाला है और ट्रक ड्राइवर है।

पुलिस के मुताबिक, ई-रिक्शा ड्राइवर लक्ष्मी ने शिकायत दी थी कि काम पर जाने के दौरान उनका आठ माह का बेटा देखभाल करने वाली ज्योति के पास था। इसी दौरान पांडव नगर इलाके में बच्चा अगवा हो गया।

बच्चे को लेकर फरार

वहीं, देखभाल करने वाली ने पूछताछ में बताया कि वह सुबह करीब साढ़े 11 बजे गणेश नगर में कुछ सामान खरीदने गई थी। वहां उसकी मुलाकात एक अनजान व्यक्ति से हुई। उसने मदद करने के बहाने बच्चे को अपनी गोद में लिया और मौका पाकर उसे लेकर फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाली

इस मामले की जांच के लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक व्यक्ति बच्चे को लेकर भागता दिखाई दिया। ऑटो ड्राइवरों से पूछताछ और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस को उसके अक्षरधाम की ओर जाने का सुराग मिला।

वहीं, जांच में टाटा 407 वाहन के ड्राइवर ऋषिपाल की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, ऋषिपाल ने बच्चे को छत्रु तक पहुंचाया था। इसके बाद पुलिस टीम ने अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में छापामारी कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा टिल्लू ताजपुरिया गैंग का सदस्य मक्खी, अपहरण के मामले में था वांछित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।