विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिर्फ फेफड़े ही नहीं, दिल और दिमाग को भी खोखला कर रही जहरीली हवा, 180 अध्ययनों के विश्लेषण में खुलासा

Published: Fri, 13 Nov 2026 08:02 PM (IST)

वायु प्रदूषण का असर केवल फेफड़ों पड़ नहीं पड़ता बल्कि दिल, दिमाग और मधुमेह पर भी गंभीर असर डालता है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. वायु प्रदूषण का दिल, मधुमेह, मानसिक स्वास्थ्य पर असर।

  2. 91% से अधिक अध्ययनों ने प्रतिकूल प्रभावों की पुष्टि की।

  3. ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रदूषण का गंभीर खतरा मौजूद।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। वायु प्रदूषण का खतरा केवल फेफड़ों और सांस संबंधी बीमारियों तक सीमित नहीं है। इसका असर दिल, रक्त वाहिकाओं, मधुमेह, गर्भावस्था, बच्चों के शारीरिक विकास और मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है।

देश में पिछले पांच दशकों के दौरान वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य के संबंध पर हुए 180 से अधिक महामारी विज्ञान संबंधी अध्ययनों के विश्लेषण में यह बात सामने आई है। इनमें से 91 प्रतिशत से अधिक अध्ययनों में वायु प्रदूषण के संपर्क और स्वास्थ्य पर कम से कम एक प्रतिकूल प्रभाव के बीच संबंध पाया गया है।

प्रदूषण के कारण हो रही कई बीमारियां

सेंटर फार रिसर्च आन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) की ओर से शुक्रवार को जारी इस विश्लेषण में वर्ष 1975 से 2025 के बीच प्रकाशित 180 अध्ययनों को शामिल किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों में हृदय संबंधी बीमारियां, मधुमेह, गर्भावस्था में जटिलताएं, बच्चों की वृद्धि प्रभावित होना, ट्यूमर, रक्त संबंधी विकार और मानसिक व तंत्रिका संबंधी समस्याएं भी शामिल हैं।

ग्रामीण आबादी पर भी प्रदूषण का गंभीर असर

विश्लेषण का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि वायु प्रदूषण का खतरा केवल महानगरों और शहरी आबादी तक सीमित नहीं है। कुल 180 अध्ययनों में से 40 ने ग्रामीण आबादी पर प्रदूषण के स्वास्थ्य प्रभावों की पड़ताल की। इनमें से 38 अध्ययनों में कम से कम एक प्रतिकूल स्वास्थ्य प्रभाव का संबंध सामने आया। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदूषण और स्वास्थ्य के संबंध पर शोध की संख्या काफी कम है।

सीआरईए के विश्लेषक मनोज कुमार ने कहा कि ये निष्कर्ष बताते हैं कि वायु प्रदूषण से निपटने की रणनीति को केवल शहरों तक सीमित रखने के बजाय क्षेत्रीय स्तर पर तैयार करने की जरूरत है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अगले चरण (एनसीएपी 2.0) में ग्रामीण क्षेत्रों को भी स्पष्ट रूप से शामिल किया जाना चाहिए। इसके लिए एयरशेड आधारित रणनीति अपनानी होगी, ताकि एक ही क्षेत्र में प्रदूषण के साझा स्रोतों और उनके प्रभावों को ध्यान में रखा जा सके।

दिल्ली में सबसे ज्यादा अध्ययन

अध्ययनों के भौगोलिक वितरण में दिल्ली सबसे आगे रही। राजधानी में वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य के संबंध पर 26 अध्ययन किए गए। इसके बाद पंजाब में 13, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में 11-11, पश्चिम बंगाल में 10, तमिलनाडु में नौ, कर्नाटक में आठ और तेलंगाना में सात अध्ययन हुए।

अध्ययनों में वायु प्रदूषण के अलग-अलग घटकों के स्वास्थ्य पर प्रभावों का भी आकलन किया गया। कुल 45 अध्ययनों में पार्टिकुलेट मैटर (कण प्रदूषण) और गैसीय प्रदूषकों, दोनों की जांच की गई। 32 अध्ययनों में पीएम 2.5, चार में पीएम 10 और 16 में पीएम 10 तथा पीएम2.5 दोनों के प्रभावों का अध्ययन किया गया।

गैसीय प्रदूषकों के अध्ययन में मृत्यु दर बढ़ने, सांस संबंधी बीमारियों के कारण अस्पताल और आपातकालीन सेवाओं में पहुंचने, अस्थमा के मरीजों के अस्पताल में भर्ती होने तथा फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित होने जैसे प्रतिकूल प्रभाव सामने आए।

वायु में मौजूद प्रदूषक

रिपोर्ट के अनुसार, सल्फर आक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसे गैसीय प्रदूषक भी कम खतरनाक नहीं हैं। ये वातावरण में रासायनिक प्रतिक्रिया के बाद क्रमश: सल्फेट और नाइट्रेट कण बनाते हैं, जो द्वितीयक पीएम2.5 प्रदूषण का हिस्सा होते हैं।

मनोज कुमार के मुताबिक, वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए केवल पीएम 2.5 को कम करने पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं होगा। उद्योगों, बिजली संयंत्रों, घरेलू खाना पकाने और अन्य ईंधन दहन गतिविधियों से निकलने वाले प्रदूषकों के उत्सर्जन में भी कमी लानी होगी। साथ ही पीएम 2.5 और धरातलीय ओजोन बनाने वाले गैसीय प्रदूषकों को भी नियंत्रण रणनीति में शामिल करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के ITO में बनेगा अत्याधुनिक छठ घाट, पांच एकड़ में बनेगा पर्यटन केंद्र; एक साल में तैयार होगी योजना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।