विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वायु प्रदूषण से 16 प्रतिशत तक बढ़ सकता है टाइप-2 डायबिटीज का खतरा, नई स्टडी में हुआ बड़ा खुलासा

Published: Sat, 14 Nov 2026 11:45 AM (IST)

एक नए अध्ययन के अनुसार, वायु प्रदूषण, विशेषकर पीएम 2.5 के लंबे समय तक संपर्क में रहने से टाइप-2 मधुमेह ...और पढ़ें

डॉ. अनूप मिश्रा। सौ. स्वयं

डॉ. अनूप मिश्रा। सौ. स्वयं

HighLights

  1. वायु प्रदूषण, विशेषकर पीएम 2.5, मधुमेह का बड़ा कारण।

  2. पीएम 2.5 से टाइप-2 मधुमेह का खतरा 10-16% बढ़ा।

  3. प्रदूषण से बचाव हेतु मास्क, एयर प्यूरीफायर, स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।

मुहम्मद रईस, दक्षिणी दिल्ली। खानपान की गड़बड़ी और असंतुलित जीवनशैली को मधुमेह का प्रमुख कारण माना जाता रहा है, लेकिन वायु प्रदूषण भी इस बीमारी का बड़ा कारक बनता जा रहा है।

एपेक्स टी2डी अध्ययन के अनुसार, हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों (पीएम 2.5) के लंबे समय तक संपर्क में रहने से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।

फोर्टिस सी-डाक हॉस्पिटल फार डायबिटीज एंड एलायड साइंसेज के एक्जीक्यूटिव चेयरमैन एवं निदेशक पद्मश्री डॉ. अनूप मिश्रा और स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के डॉ. यशेंद्र सेठी के मुताबिक, पीएम 2.5 के संपर्क में हर 10 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की वृद्धि के साथ यह जोखिम लगभग 10 से 16 प्रतिशत बढ़ सकता है।

पीएम 2.5 के कण फेफड़ों में गहराई तक पहुंचते हैं और कुछ रक्तप्रवाह में प्रवेश कर जाते हैं। ये शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ाते हैं। इससे ऊर्जा पैदा करने वाली कोशिकीय संरचना माइटोकांड्रिया, रक्त वाहिकाओं की अंदरूनी परत और तंत्रिका तंत्र प्रभावित हो सकते हैं।

लिवर, मांसपेशियों, वसा ऊतकों और अग्न्याशय की इंसुलिन बनाने वाली बीटा कोशिकाओं में इंसुलिन सिग्नलिंग पर असर पड़ता है। इससे ब्लड शुगर नियंत्रित करने की शरीर की क्षमता धीरे-धीरे कमजोर हो सकती है।

अध्ययन के मुताबिक, दक्षिण एशिया में इसका असर अधिक दिखता है, जहां प्रदूषण का स्तर ऊंचा है और डायबिटीज के मामले बढ़ रहे हैं। भारत में 10 करोड़ से ज्यादा लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि करीब 13.6 करोड़ लोग इसकी चपेट में आने की स्थिति में हैं।

मई 2026 तक के डाटा का अध्ययन

मई 2026 तक के आंकड़ों पर आधारित एपेक्स-टी2डी अध्ययन में दुनिया भर के 200 करोड़ प्रतिभागियों के आंकड़े शामिल करने वाली 13 प्रमुख समीक्षाओं का विश्लेषण किया गया।

शोध दल में डॉ. मिश्रा और डॉ. सेठी के अलावा सेंट विंसेंट हॉस्पिटल, अमेरिका की डॉ. नीरजा काका, सुभारती मेडिकल कालेज, मेरठ के डॉ. सौरभ सिंघला और डॉ. मानवी वासुदेव तथा आइआरसीसीएस मारिया सेसिलिया हास्पिटल, इटली के प्रो. जियुसेपे बायोंडी-जोकाई शामिल थे।

स्वयं को ऐसे रखें सुरक्षित

प्रदूषण अधिक होने पर बाहर व्यायाम या लंबे समय तक बाहर रहने से बचें। रोजाना एयर क्वालिटी इंडेक्स जांचें और खराब हवा में बाहर निकलते समय एन-95 मास्क पहनें। घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें और हवा का आवागमन बनाए रखें। संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ वजन पर ध्यान दें। प्री-डायबिटीज, डायबिटीज या पारिवारिक इतिहास वाले लोग नियमित ब्लड शुगर जांच कराएं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में प्रदूषण से राहत नहीं, ITO पर 414 पहुंचा AQI; कैसे करें जहरीली हवा से बचाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।